Monday, February 11, 2013

आतंकी’ अमेरिकी पुलिसकर्मी पर लाखों डॉलर का ईनाम

अमेरिकी शहर लास एंजिलिस ने अपने एक पूर्व पुलिसकर्मी पर दस लाख डॉलर के इनाम की घोषणा की है. यह पुलिसकर्मी हत्या मामले में ‘घरेलू आतंकवाद’ का आरोपी है, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी. जांचकर्ता केलीफोर्निया के बर्फ से ढके पहाड़ों में लास एंजिलिस पुलिस विभाग के पूर्व अधिकारी 33 वर्षीय क्रिस्टोफर डोर्नर को खोजने में लगे हैं. डोर्नर ने अपने ऑनलाइन घोषणा पत्र में यह धमकी दी थी कि वह पुलिस अधिकारियों की हत्या करेगा.
लास एंजिलिस पुलिस के लगभग 50 अधिकारी और उनके परिवारों को विशेष सुरक्षा दी गई है जबकि पुलिस उसकी खोज में लगी थी. पुलिस का जोर रविवार देर रात आयोजित ग्रैमी संगीत पुरस्कारों की सुरक्षा पर भी रहा.
महापौर एंटोनियो विलारायगोसा ने ईनाम की घोषणा करते हुए एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हम यह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे कि कोई पड़ोसी राज्यों और हमारे समुदायों की सुरक्षा और शांति को नुकसान पहुंचाए.’
महापौर ने कहा कि इस ईनामी राशि को बढ़ाने के लिए स्थानीय नेताओं, बिजनेस समूहों, संघों, कानून प्रवर्तकों और समुदायों ने योगदान दिया है.
हथियारों और टूटी कुल्हाड़ी के साथ डोर्नर का ट्रक बिग बीयर के स्की रिसॉर्ट के पास मिलने के बाद से सौ से भी ज्यादा पुलिसकर्मी उसकी खोज में जुटे हैं. यह स्की रिसॉर्ट लास एंजिलिस से दो घंटे की दूरी पर है. इस खोज में मुख्य लक्ष्य बिग बीयर के ऊपर बने केबिनों पर रखा गया. यहीं लकड़ियों के बीच डोर्नर का जला हुआ ट्रक बरामद हुआ.
डोर्नर पर तीन फरवरी के दिन एक जोड़े की हत्या का शक है. उसने एक अन्य दुर्घटना में एक अधिकारी को भी घायल किया था. पुलिस और उनके परिवारों को धमकाने के लिए भेजे गए इंटरनेट घोषणापत्र में डोर्नर ने प्रतिज्ञा ली है कि वह ‘लास एंजिलिस पुलिसकर्मियों के खिलाफ संघर्ष छेड़ेगा, फिर चाहे वे अधिकारी ड्यूटी पर हों या नहीं.’
लास एंजिलिस पुलिस विभाग के प्रमुख चार्ली बेक ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, ‘यह अब तक का सबसे बड़ा स्थानीय पुरस्कार है.’ उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग पूछ सकते हैं कि भला इतनी बड़ी राशि क्यों? यह घरेलू आतंकवाद का कृत्य है और इसके बारे में कोई गलती मत कीजिएगा.’
पुलिस ने शनिवार को घोषणा की थी कि वह वर्ष 2007 में डोर्नर द्वारा की गई गोलीबारी की नए सिरे से जांच करेगी. इसी घटना ने उसे असंतुष्ट बनाया था और वह विभाग से बदला लेने पर उतारू हो गया. डोर्नर को पुलिस ‘हथियार बंद और बहुत खतरनाक’ मानती है. उसकी खोज का दायरा बढ़ाकर पड़ोसी राज्यों एरीजोना और नेवादा तक कर दिया गया है.

No comments:

Post a Comment