Monday, February 11, 2013

अमेरिका में बर्फीले तूफान से 4 लाख घरों की बिजली गुल

बर्फीले तूफान के कारण पूर्वोत्तर अमेरिका के चार लाख से अधिक घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो गई जो अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। कई शहरों से लोग पलायन करने को विवश हो गए और कुछ कस्बे बर्फ के टीलों के नीचे दबे हुए हैं। समाचार चैनल सीएनएन पर रविवार को बताया गया कि राहत और बचाव कर्मचारी शहर में एकत्र हुए बर्फ के टीलों को हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
शुक्रवार से शुरू हुए तूफान के कारण अमेरिका के तीन राज्यों और कनाडा में कम से कम नौ लोगों की जान गई है। रास्तों पर तीन फीट मोटी बर्फ की चादर बिछ जाने से पेनसिल्वानिया से माइने तक का इलाका अन्य हिस्सों से कट गया है। अमेरिका के पूर्वोत्तर इलाके में आए बर्फीले तूफान के कारण न्यूयॉर्क से बोस्टन तक बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। कर्मचारी उसकी सफाई में जुटे हैं, ताकि हवाई अड्डों, रेल पटरियों और राजमार्गो पर सुचारु संचालन शुरू हो सके। 
तूफान के कारण 5,000 से अधिक उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि 6,35,000 घरों की बिजली गुल हो गई। शनिवार रात तक करीब 4,59,000 घरों में बिजली नहीं थी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब भी करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बर्फीली हवा चल रही है। मैसाचुसेट्स के समुद्र तटीय इलाकों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। मार्शफील्ड तथा साइचुएट में भी लोगों को समुद्र तट छोड़ने की सलाह दी गई है। मैसाचुसेट्स के गवर्नर देवाल पैट्रिक ने कहा कि शहरों में जमा बर्फ हटाए जा रहे हैं और बिजली बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

No comments:

Post a Comment