Monday, February 11, 2013

2G केस: CBI वकील ही निकला आरोपी का भेदिया, हुई छुट्टी!

क्या सीबीआई के वकील ने केस कमजोर करने के लिए 2 जी मामले के एक अहम आरोपी की मदद की। सीबीआई के हाथ एक ऑडियो क्लिप लगी है। सीएनएन-आईबीएन के मनोज गुप्ता को मिली ये ऑडियो क्लिप बताती है कि किस तरह पर्दे के पीछे खेल हुआ। जांच एजेंसी को शक है कि इसमें 2जी मामले में अभियोजन पक्ष संभाल रहे सीबीआई के वकील ए के सिंह और 2जी मामले में आरोपी और यूनिटेक के एमडी संजय चंद्रा शामिल हैं। सीएनएन के चीफ एडिटर राजदीप सरदेसाई से बातचीत में सीबीआई के डायरेक्टर रंजीत सिन्हा ने माना कि प्राथमिक तौर पर जांच के बाद अब ऑडियो टेप की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
2जी मामले में ये बड़ा खुलासा है। ऐसा आरोप है कि खुद सीबीआई के वकील ने एक लाख 76 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोप में फंसे एक उद्योगपति की मदद की। दरअसल सीबीआई ने इस मामले की जांच भी शुरू कर दी है। सीबीआई के पास 17 मिनट का एक ऑडियो क्लिप है जिसमें उसे सरकारी वकील ए के सिंह और यूनिटेक के एमडी संजय चंद्रा के बीच बातचीत का शक है। 
सीबीआई के मुताबिक ये बातचीत सितंबर 2012 की है यानी अभियोजन पक्ष के गवाहों की पड़ताल शुरू होने से ठीक पहले। सीबीआई को शक है कि ए के सिंह अभियोजन पक्ष की रणनीति चंद्रा से साझा कर रहे थे। शक है कि इस बातचीत में सिंह चंद्रा को ये सलाह देते हुए सुनाई पड़़ रहे हैं कि कैसे वो उन्हें इस केस से निकलने में मदद कर सकते हैं। साथ ही आरोप है कि सिंह, चंद्रा से ये भी पूछ रहे हैं कि उनके जैसे सरकारी वकील की बाजार में क्या कीमत है।  
सीबीआई ने दोनों को बुलाकर पूछताछ भी की है। सीबीआई के हाथ ये क्लिप लगने के बाद ए के सिंह को इस केस से हटा भी दिया गया है। सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा ने सीएनएन आईबीएन के चीफ एडिटर राजदीप सरदेसाई से बातचीत में ये माना कि एजेंसी इस केस को गंभीरता से ले रही है।
दरअसल 2 जी मामले में पूर्व टेलीकॉम मंत्री ए राजा और डीएमके सुप्रीमो करुणानिधि की बेटी और राज्यसभा सांसद कनिमोझी को महीनों तक जेल में रहना पड़ा था। इस मामले में 5 उद्योगपतियों को भी महीनों तक जमानत नहीं मिली थी। संजय चंद्रा और स्वान टेलीकॉम के मालिक शाहिद बलवा इनमें शामिल हैं। इस बातचीत में शाहित बलवा का भी जिक्र है। चंद्रा और बलवा पर ए राजा के साथ मिलकर 2जी आवंटन की प्रक्रिया अपने पक्ष में करवाने और फिर गैरकानूनी तरीके से अपनी कंपनी के शेयर बेच कर मोटा मुनाफा कमाने का आरोप है।

No comments:

Post a Comment