Friday, May 17, 2013

'एक ओवर में 14 रन लुटाओ और 60 लाख रुपये पाओ'

आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि इस मामले में तीन क्रिकेटर ही उसके रडार पर थे और ये क्रिकेटर बुकीज के सीधे संपर्क में थे। दिल्ली पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार और स्पेशल सेल के डीएसपी संजीव यादव ने प्रेसवार्ता में बताया कि 5 मई, 9 मई और 15 मई को हुए राजस्थान के मैचों में स्पॉट फिक्सिंग हुई और ये फिक्सिंग क्रमशः अंजीत चंदीला, एस श्रीशांत और अंकित चव्हाण ने की।
पुलिस ने इन तीनों क्रिकेटरों और कई बुकियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि इन गेंदबाजों को 60 लाख रुपये तक ऑफर किए गए शर्त बस इतनी थी कि ये अपने किसी एक ओवर में 14 रन दे दें और उस ओवर में बारे में पहले से इशारा कर दें।
'एक ओवर में 14 रन लुटाओ और 60 लाख रुपये पाओ'
नीरज कुमार ने बताया कि बुकीज ने खिलाड़ियों तक पहुंच बनाई और दोनों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि खिलाड़ी बुकीज के कहे मुताबिक काम करेंगे और इसके बदले में उन्हें लाखों रुपये मिलेंगे। पहली स्पॉट फिक्सिंग पांच मई को पुणे और राजस्थान के बीच मैच में हुई जिसमें अजीत चंदीला ने अपने एक ओवर में 14 रन से ज्यादा दिए। डील ये हुई थी कि अजीत चंदीला फिक्स ओवर फेंकने से पहले बुकीज को कोई संकेत देगा। ये संकेत लॉकेट चूमने, शर्ट उतारने, फील्डिंग बदलने, जूते के फीते बांधने या कलाई पर बंधे बैंड को घुमाने की शक्ल में होता। संकेत देने के बाद चंदीला जो ओवर फेंकता उसमें उसे 14 रन से ज्यादा लुटाने थे। चंदीला ने 14 रन तो दिए लेकिन वो कोई संकेत देना भूल गया। इसका असर ये हुआ कि मैच के बाद चंदीला और बुकीज में काफी बहस हुई क्योंकि बुकीज उसके फिक्स ओवर को भुना नहीं पाए।
अगली स्पॉट फिक्सिंग 9 मई को मोहाली में हुए मैच में हुई। इसमें श्रीसंत को अपने एक ओवर में 14 से ज्यादा रन देने थे। श्रीसंत ने डील की कि 14 रन वाला ओवर फेंकते वक्त वे अपनी कमर में तौलिया लगाएंगे। श्रीसंत ने ये भी तय किया कि वे इस ओवर को फेंकने से पहले फील्डिंग सजाने और वार्मअप करने के बहाने कुछ वक्त बर्बाद करेंगे ताकि बुकीज को उस ओवर का फायदा उठाने के लिए समय मिल सके। मैच में ऐसा ही हुआ। श्रीसंत ने पहला ओवर तो सामान्य ढंग से किया लेकिन दूसरे ओवर के दौरान अपनी कमर में तौलिया लगा ली। इस ओवर में श्रीसंत ने 14 से ज्यादा रन दिए।
पुलिस के मुताबिक अगली फिक्सिंग मुंबई में कल यानी 15 मई को हुए मैच में हुई जिसमें मुंबई के खिलाफ अंकित चव्हाण ने अपने दूसरे ओवर में 14 रन से ज्यादा देने की डील की। पहले अंकित को संकेत के तौर पर अपने हाथ में बंधे बैंड को घुमाना था लेकिन बाद में उसने तय किया कि वो उसे कोई संकेत नहीं देगा बल्कि उसे जो भी दूसरा ओवर करने को मिलेगा वो उसमें 14 से ज्यादा रन दे देगा। अंकित चव्हाण ने ये डील अजीत चंदीला के साथ की क्योंकि अजीत खुद ये मैच नहीं खेल रहा था इसलिए उसने बुकीज के कहने पर अंकित को इसके लिए तैयार किया। अंकित ने अजीत के कहे मुताबिक काम किया। उसने पहले ओवर में सिर्फ दो रन दिए लेकिन दूसरे ओवर में पहली तीन गेंदों पर ही 14 रन दे दिए। उसका वादा पूरा हो चुका था इसलिए बाद की तीन गेंदों पर उसने महज एक रन दिया।

No comments:

Post a Comment