Friday, May 17, 2013

सीबीआई के दामन पर फिर दाग, घूस लेते एसपी गिरफ़्तार

कोयला घोटाले की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में फटकार सुन रही सीबीआई के लिए मुश्किलें और बढ़ गई है। इस घोटाले की जांच से जुड़े एसपी विवेक दत्त और एक इंस्पेक्टर राजेश को रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत कथित रूप से जमीन विवाद को सुलझाने के लिए ली गई थी। हालांकि इस गिरफ्तारी का कोयला घोटाले से कुछ लेना देना नहीं है।
सीबीआई के दामन पर फिर दाग, घूस लेते एसपी गिरफ़्तार
7 लाख रुपए लेते सीबीआई का एसपी और इंस्पेक्टर गिरफ्तार हुए हैं। बताया जा रहा है कि सीबीआई के एसपी विवेक दत्त जो कि कोयला घोटाले की जांच कर रही टीम के मुखिया हैं और एक इंस्पेक्टर राजेश कर्नाटक को दिल्ली के एक कारोबारी से सात लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई निदेशक ने कहा है कि एजेंसी को इसकी भनक थी।
सीबीआई के इंटरनल इंटेलिजेंस यूनिट ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया है। सीबीआई सूत्रों की माने तो इंटेलिजेंस यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि कथित सौदा शुक्रवार शाम को होने वाला है। उन्होंने इस बारे में सीबीआई निदेशक को सूचित किया जहां से उन्हें आगे बढ़ने की इजाजत मिली। सूत्रों की माने तो इस पूरे मामले का कोयला घोटाले से कुछ लेना देना नहीं है। बताया जा रहा है कि एक कारोबारी ने जमीन विवाद में सीबीआई के एसपी विवेक दत्त से संपर्क किया। ये विवाद दिल्ली के ही एक शख्स के साथ था।
ये केस दिल्ली पुलिस की एक टीम हैंडल कर रही थी। विवेक दत्त ने दिल्ली पुलिस के लोगों पर अपना प्रभाव दिखाया और कारोबारी को फायदा पहुंचा। सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा ने बताया है कि वो इस बारे में जल्द ही सुप्रीम कोर्ट को सूचना देंगे कोयला घोटाले की जांच में गड़बड़ी पर सुप्रीम कोर्ट की लताड़ के बाद इससे जुड़े सभी अधिकारियों की आंतरिक निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी निगरानी के दौरान दोनों की गिरफ्तारी मुमकिन हुई।

No comments:

Post a Comment