Monday, December 24, 2012

कोहरे ने रोकी ट्रेन की रफ्तार, उड़ानें भी प्रभावित

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कोहरे ने रफ्तार थाम दी है। दिल्ली से आने और जाने वाली 6 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और 50 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं हवाई यातायात पर भी कोहरे का जबरदस्त असर देखने को मिला। कम विजिबिलिटी के चलते करीब 120 उड़ानों पर असर पड़ा है जिसमें 18 को डाइवर्ट कर दिया गया है।
उत्तर रेलवे के मुताबिक करीब 80 ट्रेनें वक्त से लेट पहुंची।
 जिसकी वजह से 50 से ज्यादा ट्रेनों के समय में बदलाव करना पड़ा है। ज्यादातर प्रभावित गाड़ियां बिहार, पश्चिम बंगाल, और असम के रूट की हैं। जिन ट्रेनों पर असर पड़ा है। उनमें पुरानी दिल्ली कोलकाता-हावड़ा जनता एक्सप्रेस 25 घंटा लेट। इलाहाबाद-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्स्प्रेस 22 घंटा लेट। नई दिल्ली- राजेंद्र नगर स्वर्ण क्रांति 21 घंटा लेट। नई दिल्ली- कोलकाता-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस 21 घंटा लेट और नई दिल्ली- कोलकाता- हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस करीब 18 घंटे की देरी से चल रही है।
वहीं कोहरे का उड़ानों पर भी असर देखा गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी बेहद कम होने की वजह से कैट 3 पायलटों को ही लैंडिंग और टेक ऑफ की इजाजत दी गई है यानि वो पायलट जिनके पास 50 मीटर से कम विजिबिलिटी में लैंड और टेक ऑफ की योग्यता है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे 9 और 29 काम नहीं कर रहे हैं। जिन उड़ानों को डायवर्ट किया गया है उनमें 3 अंतर्राष्ट्रीय और 15 घरेलू उड़ानें हैं। जेट एयरवेज की सिंगापुर और चीन की फ्लाइट्स को कोलकात और अहमदाबाद के लिए डायवर्ट किया गया है।

No comments:

Post a Comment