Sunday, June 16, 2013

इराक: श्रंखलाबद्ध कार विस्फोट में 30 लोगों की मौत

इराक के अलग-अलग शहरों में हुए श्रंखलाबद्ध कार विस्फोटों में 30 लोगों की मौत हो गई। बीबीसी के मुताबिक यह जानकारी पुलिस और डॉक्टरों ने रविवार को दी। ज्यादातर हमले शिया बहुल शहर में हुए हैं। हमले के शिकार शहरों में कुत, नजफ, महमोदिया, नसीरिया और बसरा शामिल हैं।
बसरा शहर के मध्य में स्थित बाजार में लगभग एक ही समय हुए दो कार विस्फोटों में पांच लोग मारे गए। पवित्र शहर नजफ में हुए एक अन्य कार विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई। इसी तरह कुत में औद्योगिक इलाके तथा निर्माण के काम लगे मजदूरों को निशाना बनाकर दो कार विस्फोट किए गए।
इराक: श्रंखलाबद्ध कार विस्फोट में 30 लोगों की मौत
देश के सुन्नी मुसलमान प्रधानमंत्री नुरी अल-मलीकि के नेतृत्व वाली सरकार पर पक्षपात के आरोप लगाते रहे हैं, जिसका सरकार विरोध करती रही है। जून 2008 के बाद पिछले महीने इराक में सबसे ज्यादा हमले हुए जिसमें 1,045 आम नागिरकों एवं सुरक्षा अधिकारियों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने वाला सरफराज अंडर-19 टीम में

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने वाले नवोदित क्रिकेटर सरफराज खान का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हो गया है। इससे जिले के खिलाड़ी और खेल प्रेमी गदगद हैं। खिलाड़ी इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। आजमगढ़ विकास संघर्ष समिति और जिला क्रिकेट संघ ने संयुक्त ह्यरुप से रोडवेज स्थित जिला कार्यालय में समारोह का आयोजन कर सरफराज के पिता व उसके कोच नौशाद खान का माल्यापर्ण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
सरफराज सगडी तहसील के बासूपार गांव का निवासी है। 2009 में उसने मुंबई के प्रसिद्ध हैरिस सील्ड टूर्नामेंट में 439 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा था। सचिन ने इस टूर्नामेंट में 346 रन बनाए थे। अब सरफराज का चयन ऑस्ट्रेलिया में होने वाली अंडर-19 त्रिकोणीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। सरफराज 15 सदस्यीय टीम में शामिल है और 22 जून को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगा भारत का पहला मैच 30 जून को ऑस्ट्रेलिया के साथ होगा। सरफराज के चयन से खिलाड़ियों के साथ ही क्रिकेट प्रेमी भी गदगद हैं।
सरफराज के पिता नौशाद के गांव आने पर रविवार को आजमगढ़ विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष और जिला क्रिकेट टीम के सचिव एसके सत्येन के नेतृत्व में रोडवेज स्थित कार्यालय में समारोह का आयोजन कर नौशाद का स्वागत किया गया। लोगों ने नौशाद को जहां मिठाई खिलाई वहीं फूलमालाओं से लाद दिया। सत्येन ने कहा कि सरफराज का चयन जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब्दुल्ला इकबाल के बाद सरफराज दूसरे खिलाड़ी हैं जिनका चयन भारतीय टीम में हुआ है। इस प्रतियोगिता को 2014 में होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।

मुंबई को राहत नहीं, 24 घंटे में भारी बारिश के आसार

मुंबई में बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही। पिछले दो दिनों से मायानगरी में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने मुंबई में अगले 24 घंटे भारी बरसात होने की चेतावनी दी है।
मुंबई के हिंदमाता इलाके में लगातार आफत बन कर बरसी बारिश के चलते बाढ़ जैसे मंजर नजर आते हैं। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश रविवार सुबह से ही तेज बरसने लगी। इसके अलावा दूसरे निचले इलाके मलाड, अंधेरी, वर्सोवा, दादर, कुर्ला, बायखला, परेल, चेंबूर, पूर्वी उपनगर के प्रमुख एलबीएस मार्ग के कई हिस्से और मरोल-साकीनाका इलाके में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। कुर्ला में लगातार बारिश से घरों और दुकानों में बारिश का पानी भर गया। रेस्टोरेंट में पानी घुस गया है जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मुंबई को राहत नहीं,  24 घंटे में भारी बारिश के आसार
मुंबई की लाइफ लाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन की सेवा भी प्रभावित हुई। पटरी पानी में डूब गईं जिसकी वजह से वेस्टर्न लाइन पर ट्रेनें 30 मिनट देरी से चली। वहीं सेंट्रल लाइन पर सीएसटी और दादर के बीच और हार्बर लाइन पर सीएसटी और कुर्ला के बीच लोकल सेवा सुबह 10.30 के बाद बंद कर दी गई। यह दिन के दो बजे के बाद ही बहाल हो पाई।
रविवार होने की वजह से लोगों ने घरों में रहना बेहतर समझा लेकिन जिन्हें काम से या छुट्टी मनाने बाहर जाना था उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। चेंबुर में हुई भारी बरसात के बाद एक बार फिर बीएमसी के इंतजाम नाकाफी दिखे। बीएमसी लोगों को मोबाइल से मैसेज भेजकर बाहर न निकलने की सलाह देती दिखी। एसएमएस में लिखा है कि मौसम विभाग अगले 24 घंटों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी देता है...लोगों से अपील है कि बेहद जरूरत हो तभी घर से बाहर निकलें। -म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन, मुंबई।
मुंबई के लावा महाराष्ट्र के ठाणे, सतारा, पुणे में भारी बारिश हो रही है। रत्नागिरी के खेड में आफत की बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पिंपड़ी-चिचवाड़ रेलवे स्टेशन पर पेड़ गिरने की वजह से बत्ती गुल हो गई है। बुलढ़ाना जिले में एक आदमी की डूबने से मौत हो गई है।

दिल्ली-एनसीआर फिर शर्मसार, मासूम के साथ बलात्कार

देश और दिल्ली-एनसीआर एक बार फिर शर्मसार है। एनसीआर गुड़गांव में एक मासूम से बेहद बेरहमी से बलात्कार किया गया। मासूम को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका ऑपरेशन किया गया है। राहत की बात ये कि बच्ची की हालत अब स्थिर है। वहीं वारदात के 24 घंटे बाद भी गुड़गांव पुलिस के हाथ खाली हैं।
साइबर सिटी गुड़गांव में पांच साल की बच्ची से हुए बलात्कार कांड के बाद गुड़गांव पुलिस पर हर तरफ से नजर है। अबतक उसे आरोपी का सुराग भी नहीं मिला है। लेकिन गुड़गांव पुलिस ने मासूम से बलात्कार करने वाले बलात्कारी को पकड़ने के लिए कमर कस ली है। पुलिस की दो टीमें बलात्कारी की तलाश में जुटी हुई हैं। हर मुमकिन जगहों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
दिल्ली-एनसीआर फिर शर्मसार, मासूम के साथ बलात्कार
यही नहीं गुडगांव के पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल के मुताबिक पुलिस ने पीड़ित बच्ची के ममेरे भाई के बयान के आधार पर आरोपी का स्केच तैयार कर लिया है। सीसीटीवी समेत तमाम सुराग को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने बलात्कारी से जुड़ी जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये के इनाम का भी ऐलान किया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर गुड़गांव के डीएलएफ इलाके में ब्रिस्टल होटल के पास आयोजित एक भंडारे में खाना खाने गई पांच साल की बच्ची को किसी शख्स ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। फिर उसके साथ बेहद बर्बरता से बलात्कार किया गया। बलात्कार के बाद बच्ची को मेट्रो पिलर नंबर 47-48 के बीच फेंककर आरोपी फरार हो गया। बच्ची किसी तरह घर पहुंची और उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने वहां बच्ची का ऑपरेशन किया। लेकिन उसकी खराब हालत के मद्देनजर शनिवार देर शाम उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। सफदरजंग में बच्ची का दोबारा ऑपरेशन किया गया। बताया जा रहा है कि बच्ची की अब पहले से बेहतर है। पीडिता के पिता ने इस बारे में कहा कि डॉक्टरों के मुताबिक ऑपरेशन हो गया है पर अभी किसी को मिलने की इजाजत नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली-एनसीआर में मासूम से एक बार फिर जिस बेरहमी से बलात्कार हुआ है उससे इंसानियत शर्मसार है। गुड़गांव पुलिस कई टीम बनाकर आरोपी के जल्द ही पकड़ने का दावा कर रही है। लेकिन हकीकत ये है कि 24 घंटा बीत जाने के बाद भी गुडगांव पुलिस का हाथ खाली है।