Friday, April 26, 2013

'पीएमओ तक ने ‘चेक’ की थी कोयला घोटाले की जांच रिपोर्ट'

सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को दाखिल सीबीआई निदेशक के एक हलफनामे ने मनमोहन सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हलफनामे में कहा गया है कि कोयला आवंटन की जांच से जुड़ी स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करने से पहले कानून मंत्री अश्विनी कुमार को दिखाई गई थी। यही नहीं, सुप्रीम कोर्ट के आदेश को नकारते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय और कोयला मंत्रालय के अधिकारियों ने भी ये रिपोर्ट देखी थी। इस हलफनामे से ना सिर्फ सीबीआई, बल्कि प्रधानमंत्री समेत पूरी केंद्र सरकार कठघरे में खड़ी हो गई है।
कोयला खदान आवंटन घोटाले को लेकर अब सीधे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह निशाने पर आ गए हैं। केंद्र सरकार पर इल्जाम है कि उसने निष्पक्ष समझी जाने वाली सीबीआई की जांच रिपोर्ट में छेड़छाड़ करने की कोशिश की। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में अपना हलफनामा दाखिल किया।
'पीएमओ तक ने ‘चेक’ की थी कोयला घोटाले की जांच रिपोर्ट'
हलफनामे में कहा गया है कि 8 मार्च को जो स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपी गई, उसे कानून मंत्री को दिखाया गया था। उस रिपोर्ट को प्रधानमंत्री कार्यालय और कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों ने भी देखा। कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने सीबीआई से ये रिपोर्ट दिखाने की मांग की थी।
सीबीआई निदेशक को ये हलफनामा सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर देना पड़ा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि चूंकि ये जांच, सरकार के कामकाज को लेकर है, इसलिए जांच रिपोर्ट किसी राजनेता को नहीं दिखाई जानी चाहिए, और अगर ऐसा हुआ है तो सीबीआई निदेशक खुद हलफनामा देकर बताएं।
हैरानी की बात ये है कि 12 मार्च 2013 को जब सुप्रीम कोर्ट ने ये आदेश दिया था, तब उस वक्त कोर्ट में मौजूद एडिशनल सॉलीसिटर जनरल हरिन रावल ने जुबानी बताया था कि सीबीआई की जांच रिपोर्ट किसी को भी नहीं दिखाई गई है।
शुक्रवार को हलफनामा दाखिल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने से पहले सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा ने प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री नारायण सामी से मुलाकात की। जाहिर है, सीबीआई की स्वतंत्रता को लेकर तमाम सवाल उठ रहे हैं। लेकिन निदेशक को इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता
सवाल हलफनामे में दर्ज तथ्यों को लेकर भी है। सवाल उठ रहे हैं कि रिपोर्ट दिखाने की बात कबूल करने वाला हलफनामा तमाम बातों पर चुप्पी साधे हुए हुए। याचिकाकर्ता के वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि ये हलफनामा जितना बताता है, उससे ज्यादा छिपाता है। ये नहीं बता रहा है कि कौन-कौन उस मीटिंग में थे और रिपोर्ट में कोई बदलाव किया गया या नहीं।
गौरतलब है कि एक जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को 1993 से 2010 के बीच हुए कोयला खदानों के आबंटन की जांच का आदेश दिया था। इस दौरान 300 कंपनियों को 194 खदान आबंटित किए गए थे। ज्यादातर आबंटन 2004 से 2010 के बीच हुए। इस बीच कुछ समय के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कोयला मंत्रालय के प्रभारी थे।
8 मार्च को जमा की गई अपनी स्टेटस रिपोर्ट में सीबीआई ने कहा था कि कोयला खदान आवंटन की प्रक्रिया में काफी गड़बड़ियां पाई गई हैं। आवंटन में दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया। कई ऐसी कंपनियों को लाइसेंस दिए गए जो इस काम के लिए सक्षम ही नहीं थीं।
सीबीआई के इस सनसनीखेज जांच रिपोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हिदायत दी थी कि किसी भी राजनेता को सीबीआई अपनी जांच रिपोर्ट ना दिखाए। सीबीआई ने शुक्रवार को आवंटन प्रक्रिया से जुड़ी एक और सीलबंद स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दी। मामले की अगली सुनवाई 30 अप्रैल को होगी।

Wednesday, April 24, 2013

सरकार की चली तो रोज महंगा-सस्ता होगा पेट्रोल!

सूत्रों से एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि पेट्रोलियम मंत्रालय चाहता है कि अमेरिका के तर्ज पर सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां रोजाना पेट्रोल कीमतों की समीक्षा करे। सूत्रों के मुताबिक पेट्रोलियम मंत्रालय का मानना है कि पेट्रोल कीमतों की पाक्षिक समीक्षा नाकाफी है। शुरुआत में बीपीसीएल, एचपीसीएल और इंडियन ऑयल हर हफ्ते पेट्रोल कीमतों पर विचार करे।
साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय चाहता है कि बल्क डीजल की कीमतों की समीक्षा भी ज्यादा बार की जाएगा। मौजूदा मासिक समीक्षा करने से कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव को फायदा कंपनियों और ग्राहकों को नहीं मिल पा रहा है। अप्रैल में भी सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां डीजल के दाम बढ़ाएंगी। सरकार द्वारा डीजल के आंशिक विनियंत्रण के बाद कंपनियां हर महीने डीजल 50-60 पैसे से महंगा कर रही हैं।
सरकार की चली तो रोज महंगा-सस्ता होगा पेट्रोल!

आर्सेलर मित्तल ने की भारतीय इस्पात बाजार खोलने की मांग

इस्पात की वैश्विक कंपनी आर्सेलर मित्तल ने भारतीय इस्पात बाजार को पूरी तरह से खोलने की मांग की है। भारत में लक्जेमबर्ग के राजदूत गास्तोन स्ट्रांक ने मंगलवार को बताया कि कंपनी ने यूरोपीय संघ से इस मुद्दे को भारत सरकार के समक्ष उठाने की मांग की है। कंपनी ने पिछले साल अपना मुख्यालय लक्जेमबर्ग स्थानांतरित किया है।
आर्सेलर मित्तल के मालिक लक्ष्मी निवास मित्तल ने हाल में ही कहा था कि कंपनी भारत में निवेश करने की इच्छुक नहीं है। बाद में उन्होंने यूरोपीय संघ के जरिए भारत सरकार से इस्पात बाजार खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारतीय इस्पात बाजार बड़ा बाजार है और कंपनी इसमें कारोबार करने की इच्छुक है।
आर्सेलर मित्तल ने की भारतीय इस्पात बाजार खोलने की मांग
स्ट्रांक ने कहा कि लक्जेमबर्ग ने यह मामला भारत सरकार के समक्ष सीधे साधे तौर पर नहीं उठाया है। हालांकि घटनाक्रम की बारीकी से निगरानी की जा रही है।

अभी तो सोने में और गिरावट संभव: जिम रोजर्स

इस साल सोना 31,000 रुपये के स्तर से लुढ़क कर 25,500 रुपये तक आ गया है। वहीं चांदी 61,000 रुपये प्रति किलो के स्तर से टूटकर 43,000 रुपये के स्तर पर आ गई है। सोने में गिरावट से सेंट्रल बैंकों को करीब 560 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
दिग्गज ब्रोकरेज हाउसेज ने भी आगे सोने में गिरावट की आशंका जताई है। गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 1,270 डॉलर प्रति औंस तक टूट सकता है। यूबीएस के मुताबिक भी सोना 1,270 डॉलर प्रति औंस, जबकि सीएलएसए का मानना है कि सोना 1,200 डॉलर तक आ सकता है।
इस बीच कमोडिटी गुरू जिम रोजर्स का कहना है कि आगे भी सोने में गिरावट संभव है। साइप्रस की ओर से सोने में बिकवाली की वजह से सोने में ज्यादा गिरावट हावी हुई है। वहीं सोने में लंबे समय से गिरावट आने की गुंजाइश बनी हुई थी। इसके अलावा इस साल जर्मनी में होने वाले चुनाव भी सोने में बिकवाली का एक कारण रहा है।
अभी तो सोने में और गिरावट संभव: जिम रोजर्स
जिम रोजर्स के मुताबिक सोने में थोड़ी और गिरावट आने पर ही खरीदारी का मौका बनेगा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 1,300 या 1,200 डॉलर के स्तर पर आने पर ही खरीदारी की रणनीति बनाई जा सकती है। लेकिन सोना और कच्चे तेल में गिरावट भारत के लिहाज से काफी अच्छा है।
भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर जिम रोजर्स का कहना है कि भारतीय बाजार में खरीदारी का रुख नहीं कर रहे हैं। मौजूदा माहौल में रूस के बाजारों में खरीदारी का मौका नजर आ रहा है। अमेरिकी इकोनॉमी में रिकवरी पर भरोसा नहीं है। वहीं भारत और चीन की दिक्कतों को देखते हुए भविष्य में पानी में निवेश काफी बेहतरीन साबित हो सकता है।