Tuesday, February 19, 2013

आज और कल सबकुछ बंद, देशभर में जारी हैं प्रदर्शन

आने वाले दो दिन काफी भारी पड़ने वाले हैं। आज से देश भर के ट्रेड यूनियनों ने दो दिनों के हड़ताल की घोषणा की है। करीब ढाई करोड़ लोगों के हड़ताल पर जाने की आशंका के चलते बैंकिंग, इंश्योरेंस, टेलीकॉम, पोस्टल, तेल और गैस सेक्टर के कामकाज पर असर पड़ेगा। इसके अलावा सरकारी बसों, ऑटो और टैक्सी को लेकर भी मुसीबतें झेलनी पड़ सकती है।
दो दिन तक चलने वाले हड़ताल का असर दिखने लगा है। अंबाला में रोडवेज के एक कर्मचारी की धक्का-मुक्की के दौरान बस की चपेट में आने से मौत हो गई। यहां रोडवेज कर्मचारियों में बस चलाने को लेकर धक्का-मुक्की हुई। बंद को सफल बनाने के लिए कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक रोडवेज कैशियर बस की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए साथी कर्मचारियों ने डीसीपी अंबाला की गाड़ी में तोड़फोड़ की और डिपो के दफ्तर में भी तोड़फोड़ की गई।
दिल्ली में आधी रात से ही ऑटो और टैक्सियों ने चलना बंद कर दिया। कुछ ऑटो वालों ने मुसाफिरों को उनकी मंजिल तक ले जाना चाहा, तो उनसे मारपीट की गई। जबरन उन्हें भी बंद में शामिल किया गया। यानी सभी ऑटो ड्राइवर अपनी मर्जी से हड़ताल में शामिल नहीं हैं उनकी गाड़ियां जबरन रोकी जा रही है।
रेड यूनियनों की क्या हैं मांगें
मजदूर संगठनों की नजर में हड़ताल ही अकेला रास्ता बचा है जिससे सरकार को सुनने के लिए मजबूर किया जा सकता है। उनकी मांग है कि
- महंगाई के लिए जिम्मेदार सरकार की नीतियां बदली जाएं।
- महंगाई को देखते हुए न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई जाए।
- सरकारी संगठनों में अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी जाए।
- आटसोर्सिंग की जगह स्थायी आधार पर कर्मचारियों की भर्ती हो।
- सरकारी कंपनियों की हिस्सेदारी निजी कंपनियों को न बेचा जाए।
- बैंकों के विलय की नीति न लागू की जाए।
- केंद्रीय कर्मचारियों के लिए भी हर 5 साल में वेतन में संशोधन हो।
- नई पेंशन स्कीम बंद करके पुरानी लागू की जाए।
- श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी बदलाव की कोशिश न की जाए।
हड़ताल के व्यापक असर को भांपते हुए प्रधानमंत्री को एक दिन में दो बार हड़ताल न करने की अपील करनी पड़ी। हालांकि इस अपील का ट्रेड यूनियनों पर कोई असर नहीं पड़ा। इस हड़ताल से देश के हर हिस्से के लोग प्रभावित होंगे। इसलिए आज जब आप घर से बाहर निकलें तो पूरी जानकारी जुटाकर निकलें ताकि आप किसी परेशानी में न फंसे।
बंद से कौन-कौन से सेक्टर बेअसर हैं
- मुंबई में बेस्ट की बसें, दिल्ली में डीटीसी बसें हड़ताल में शामिल नहीं हैं।
- मुंबई में 32 हजार काली-पीली टैक्सी और 3 हजार कूल कैब बेअसर।
- बेस्ट की 4 हजार बसें, 272 एसी बसें सड़कों पर
ऑटो की हड़ताल के चलते जरूरत पड़ने पर और बसें लगाई जाएंगी।
- दिल्ली मेट्रो का दावा मेट्रो सेवा पर कोई असर नहीं है। जरूरत पड़ी तो मेट्रो बढ़ाई जा सकती हैं।
- स्कूल बसें हड़ताल में शामिल नहीं होंगी।
- एटीएम और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन पर असर नहीं है।
- छोटे या फुटकर व्यापारी बंद में शामिल नहीं
दूध, पानी, बिजली जैसी जरूरी सेवाओं पर असर नहीं।


Monday, February 18, 2013

सीरिया सरकार विद्रोही दलों से बातचीत के लिए तैयार

सीरिया ने कहा है कि वह देश के विपक्षी समूहों से सुलह की खातिर बातचीत के लिए तैयार है। यह पहला मौका है जब विद्रोही बलों को लंबे समय तक खारिज करने के बाद सरकार ने उनसे प्रत्यक्ष बातचीत के लिए प्रस्ताव रखा है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि राष्ट्रपति बशर अल असद के अंदरूनी नीति निर्धारकों में शामिल नहीं किए जाने वाले अली हैदर की टिप्पणी से सरकार की नीतियों में कोई ठोस बदलाव आएगा।
हैदर ने जनवरी में कहा था कि धोखेबाजों या पश्चिमी देशों की कठपुलियां कहे जाने वालों के साथ किसी तरह की बातचीत नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम, सरकार और निजी रूप से मैं बिना किसी पूर्वाग्रह के विपक्षी समूहों के साथ मुलाकात करेंगे। हैदर ने विस्तृत जानकारी देसे इनकार करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ने कहा कि राजनीति के विपरीत और हथियारों का उपयोग करने वाले सभी लोगों से बातचीत का प्रयास किया जाएगा।

जेटली समेत कई बड़े नेताओं की कॉल डिटेल निकालने का शक

बीजेपी नेता अरुण जेटली की जासूसी की कोशिशों की तहकीकात के दौरान दिल्ली पुलिस ने अहम खुलासा किया है। सिर्फ जेटली ही नहीं बल्कि कई और नेताओं की कॉल डिटेल निकलवाने की कोशिश हुई है। पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक गहरी साजिश है, लेकिन इस साजिश के पीछे कौन है, ये साफ नहीं हो पाया है। दिल्ली पुलिस को उम्मीद है कि अरुण जेटली के मोबाइल फोन के कॉल डीटेल्स निकलवाने का आरोपी पुलिस कांस्टेबल अरविंद डबास अहम राज उगल सकता है।
दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल अरविंद डबास पर आरोप है कि पिछले कई दिनों से वो बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के मोबाइल नंबर की कॉल डीटेल निकालने की कोशिश में था। पुलिस के मुताबिक अरविंद की इस कारगुजारी में नीरज नाम का जासूस भी शामिल था। इसी निजी जासूस के कहने पर जेटली के कॉल डीटेल्स निकाले गए थे। लेकिन दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को इस केस की पड़ताल में कुछ चौंकाने वाले तथ्य पता चले हैं। मसलन साजिश के निशाने पर अकेले अरुण जेटली नहीं थे। 12-13 और बड़े नेताओं के फोन हैक किए गए या कॉल डिटेल हासिल करने की कोशिश हुई। ये एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। ऐसी साजिश जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हो ।
स्पेशल सेल ने इस बात से साफ इनकार किया है कि अरविंद डबास ने व्यक्तिगत कारणों से कॉल डिटेल हासिल करने की कोशिश की। अगर पुलिस के सूत्रों की मानें तो जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इसी लिहाज से अरविंद डबास की 5 दिन की रिमांड की मांग की गई। अदालत ने उसे 2 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया। जबकि निजी जासूस नीरज पहले से ही पुलिस हिरासत में है। दिल्ली पुलिस ने इस बेहद संवेदनशील केस में अपनी स्टेटस रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंप दी है।
दिल्ली पुलिस जासूसों और पुलिस महकमे के लोगों के बीच के गठजोड़ के भी बारे में तफ्तीश कर रही है। इस मामले की अगली सुनवाई 20 फरवरी को होगी। उधर जेटली इस खबर पर, इस गिरफ्तारी पर मौन धारण किेए हुए हैं। हालांकि उनकी पार्टी ने जरूर इस मसले पर सरकार से सफाई मांगी है। लेकिन अब केस जिस तरफ जाता दिख रहा है उससे साफ है कि मामला राजनीतिक साजिश से आगे का भी हो सकता है।

किशनगंगा पर पाक ने मुंह की खाई, भारत ने जीता मुकदमा

भारत ने आज किशनगंगा हाइड्रो इलेक्ट्रिकल प्रोजेक्ट को लेकर हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय पंचाट न्यायालय में पाकिस्तान के खिलाफ मुकदमा जीत लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पंचाट अदालत ने मामले में भारत के पक्ष को स्वीकार करते हुए कश्मीर में नीलम नदी पर 330 मेगावाट की परियोजना के लिए जल डायवर्सन की अनुमति दे दी।
विदेश मंत्रालय ने देर रात जारी एक बयान में अंतरराष्ट्रीय अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस फैसले से भारत के रूख की पुष्टि हो गई और यह भी साबित हो गया कि सिंधु जल संधि के प्रावधानों का पालन किया गया है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने भारत पर नदी के बहाव को मोड़ने और दोनों देशों के बीच हुए सिंधु जल संधि के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इस परियोजना पर स्थगन की मांग की थी।