Friday, February 1, 2013

सलमान के बाद पूरा बॉलीवुड उतरा कमल हासन के पक्ष में

सवाल ये है कि जब इस मुल्क में फिल्मों पर अंतिम फैसला लेने वाला सेंसर बोर्ड मौजूद है तब फिर कमल हासन की फिल्म को सर्टिफिकेट मिलने के बाद बैन करने का क्या अर्थ है। वैसे तो कमल हासन फिल्म से विवादास्पद हिस्से हटाने को तैयार हो गए हैं। लेकिन इस विवाद से वो बुरी तरह आहत हैं और बुधवार को मुंबई पहुंच कर उन्होंने फिर भारत छोड़ने वाले अपने बयान को याद किया। उधर, कमल हासन के समर्थन में पूरा फिल्म जगत खड़ा नजर आया, खास तौर पर सलमान खान।
दरअसल विश्वरूपम ने ऐसा तूफान खड़ा किया है कि उसका असर पूरे भारतीय फिल्मोद्योग पर नजर आ रहा है। फिल्म उद्योग सहमा हुआ है। कई बार विवाद फायदा पहुंचाते हैं। लेकिन यहां तो कमल हासन की जिंदगी भर की पूंजी दांव पर लगी है। उनके छह साल की मेहनत पर पानी फेरने की कोशिश हो रही है। वो घूम घूम कर सफाई देते नजर आ रहे है। सवाल ये है कि कितने लोगों को सफाई दें और कब तक। बॉलीवुड से कमल हसन के लिए सबसे दबंग आवाज गूंजी अभिनेता सलमान खान की। वो कमल के पक्ष में लगातार ट्विट करते नजर आ रहे हैं। जो भी कलाकार कमल के पक्ष में बयान दे रहा है उसकी आवाज को बुलंद करते नजर आ रहे हैं। सलमान खान तो चाहते हैं कि उनके सारे फैन्स भी विश्वरूपम देखने के लिए सिनेमाहॉल पहुंचे। 
सलमान अपने फैन्स का आह्वान कर रहे हैं। सिर्फ सलमान ही नहीं हैं जो फिल्म पर रोक के खिलाफ हैं। पूरा फिल्म जगत एकजुट नजर आ रहा है। हर शख्स इस बात को समझ रहा है कि आज अगर कमल हसन की बारी है तो कल उनकी होगी। और वो हर किसी को कैसे जवाब देते घूमेंगे। कई तो है जो इस विरोध के इस आग की आंच में झुलस चुके हैं। कई हैं जिनकी फिल्में विरोध की वजह से नुकसान उठा चुकी है। वो चाहते हैं अब ये सब बंद हो। हर किसी को सफाई देने का सिलसिला रुके। अक्षय कुमार ने कहा कि हाल में मेरी फिल्म खिलाड़ी 786 के गाने पर लोगों को परेशानी हो गयी थी।  
लेकिन लोग समझने के लिए तैयार नहीं है। फिल्में सियासत और लोगों के विरोध की आग में झुलसती रहती हैं। लेकिन इस बार बॉलीवुड चुप नहीं है। वो अपने कमल सर के लिए ट्विटर पर आवाज उठा रहा है।
फरहान अख्तर- फिल्मकार को परेशान करने के साथ ही ये सेंसर बोर्ड के साथ भी मजाक है।
सोनम कपूर- भगवान बचाए हमें। मैं अभिव्यक्ति की आजादी का सम्मान करती हूं। बिना इसके लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं है।
महेश भट्ट- अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। हम पर सत्ता के नशे में चूर नेताओं का राज चल रहा है या फिर कानून का राज चल रहा है।
प्रीतिश नंदी- काल्पनिक कहानियों पर बनी फिल्म का जब ये हाल है। तो सोचिए अगर हम वास्तविक घटनाओं पर फिल्म बनाएंगे तो क्या होगा।
सिर्फ कमल हासन ही नहीं पूरा बॉलीवुड आहत है। पूरा फिल्म उद्योग आहत है। वो सरकारों के रवैये पर सवाल उठा रहा है। वो सवाल उठा रहा है कानून का पालन कराने वालों पर। लेकिन वो तो दबाव गुटों, विरोधों के आगे अपनी मजबूरी जता रहे हैं। वो तो ये बता रहे हैं कि वो एक फिल्म से उनका पूरा राज्य असुरक्षित हो जाएगा। वो ये कह रहे हैं कि उनके पास सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पुलिस ही नहीं है।

देशभर में विश्वरूपम रिलीज,मुस्लिम नेताओं से मिलेंगे हासन

अभिनेता-फिल्मकार कमल हासन के आज 24 मुस्लिम संगठनों के नेताओं से मुलाकात करने की संभावना है। इन संगठनों ने उनकी फिल्म 'विश्वरूपम' के प्रदर्शन पर आपत्ति जताई थी। इस मुलाकात में फिल्म के प्रदर्शन के लिए कोई समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी। हासन के भाई और राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल में उनके व्यवसायिक साझेदार चंद्रा हासन के मुताबिक हासन और मुस्लिम नेता मुलाकात कर यह तय करेंगे कि फिल्म के कौन-कौन से दृश्य हटाए जाने से फिल्म तमिलनाडु में प्रदर्शित की जा सकती है। उधऱ, 'विश्वरूपम' का हिंदी संस्करण पूरे भारत में आज प्रदर्शित हो गई है।
उन्होंने कहा कि हमने सरकार को पत्र भेजा है जिसमें 'राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल' और 24 मुस्लिम संगठनों के नेताओं के बीच होने वाली बातचीत पर नजर रखने का अनुरोध किया गया है। राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल की तरफ से तमिल फिल्मकार अमीर सुल्तान और मुस्लिम नेताओं के बीच गुरुवार को बातचीत होनी थी लेकिन सरकारी हस्तक्षेप की जरूरत महसूस करते हुए दोनों पक्षों ने यह फैसला टाल दिया।
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता द्वारा गुरुवार को समझौता कर लेने की स्थिति में फिल्म को प्रदर्शित किए जाने की बात कहने पर दोनों पक्षों ने मिलने का फैसला किया। 95 करोड़ रुपये की लागत में बनाई गई यह फिल्म 25 जनवरी को तमिल और तेलुगू भाषा में प्रदर्शित होने वाली थी लेकिन इसके एक दिन पहले मुस्लिम संस्थाओं द्वारा इस समुदाय को गलत रूप में प्रस्तुत किए जाने की शिकायत किए जाने पर तमिलनाडु सरकार ने इस पर दो सप्ताह तक रोक लगा दी थी।

केंद्र के चलते नहीं बढ़े प्याज के दाम: शरद पवार

प्याज की बढ़ती कीमतों पर देश के कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा है कि केंद्र के चलते प्याज के दाम नहीं बढ़े हैं। पवार ने प्याज की कीमतों को लेकर एक बैठक भी बुलाई। बैठक के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की प्याज के निर्यात पर रोक लगाने की अपील पर उन्होंने कहा कि वो इस पर विचार करेंगे।
चुनावी साल में प्याज की बढ़ी हुई कीमतों ने शीला दीक्षित की नींद उड़ा दी है। प्याज के दामों में कमी लाने के लिए उन्होंने कृषि मंत्री को चिट्ठी लिखकर मांग की थी कि प्याज के निर्यात में कटौती की जाए ताकि लोगों को सस्ती दरों पर प्याज मिल सके। मुख्यमंत्री को डर सता रहा है कि 1998 में प्याज की बढ़ी हुई कीमतों पर बीजेपी सरकार की करारी हार हुई थी।
एक बार फिर प्याज की कीमतें 35 रुपये से लेकर 40 रुपये तक पहुंच गई हैं। कृषि मंत्री शरद पवार का कहना है कि महाराष्ट्र में फसल को नुकसान हुआ है इस वजह से देश में प्याज की कमी आई है। दिल्ली की सीएम शीला दीक्षित की अपील पर उन्होंने कहा कि वो इसपर विचार करेंगे।
देश के कई शहरों की मंडियों में प्याज की आवक कम हो गई है। इसके चलते थोक मंडियों में प्याज के दाम में दोगुना उछाल आ गया है। इसका असर अब खुदरा बाजार पर भी पड़ रहा है। आजादपुर मंडी में थोक बाजार में 12 रुपये प्रति किलो मिलने वाला प्याज 23 से 24 रुपये प्रति किलो हो गया है। जिसका खुदरा बाजार पर भी असर पड़ रहा है।


हर महीने 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ेंगे डीजल के दाम

देश पर महंगाई की और मार पड़ने वाली है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि हर महीने डीजल के दाम बढ़ाए जाएंगे। मंत्रालय के मुताबिक हर महीने डीजल के दाम 40 से 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ेंगे।
केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसले के तहत सार्वजनिक कंपनियों को वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों के अनुसार समय-समय पर डीजल की कीमत निर्धारित करने की अनुमति दे दी थी। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने साफ कर दिया था कि सरकारी तेल विपणन कंपनियां समय-समय पर डीजल की कीमत निर्धारित कर सकेंगी।
अब मोइली ने कहा है कि डीजल के दाम हर महीने बढ़ाए जाएंगे। हर माह इनके दाम में 50 पैसे तक की बढ़ोतरी की जाएगी। अगले आदेश तक ये मासिक बढ़ोतरी जारी रहेगी।