Friday, February 1, 2013

हर महीने 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ेंगे डीजल के दाम

देश पर महंगाई की और मार पड़ने वाली है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि हर महीने डीजल के दाम बढ़ाए जाएंगे। मंत्रालय के मुताबिक हर महीने डीजल के दाम 40 से 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ेंगे।
केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसले के तहत सार्वजनिक कंपनियों को वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों के अनुसार समय-समय पर डीजल की कीमत निर्धारित करने की अनुमति दे दी थी। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने साफ कर दिया था कि सरकारी तेल विपणन कंपनियां समय-समय पर डीजल की कीमत निर्धारित कर सकेंगी।
अब मोइली ने कहा है कि डीजल के दाम हर महीने बढ़ाए जाएंगे। हर माह इनके दाम में 50 पैसे तक की बढ़ोतरी की जाएगी। अगले आदेश तक ये मासिक बढ़ोतरी जारी रहेगी।

ट्रेन में छेड़खानी के आरोप में एक अधिकारी गिरफ्तार

दिल्ली से पटना आ रही एक ट्रेन की एसी बोगी में यात्रा कर रही एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी करने के आरोप में एक निजी संचार कंपनी के सहायक प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित लड़की संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के वातानुकूलित बोगी के प्रथम श्रेणी में यात्रा कर रही थी और यात्रा के दौरान पटना निवासी इस युवती के साथ इसी बोगी में सफर कर रहे गुड़गांव में एक निजी संचार कंपनी में कार्यरत एमपी एस सिसोदिया ने छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने इसकी शिकायत आरा में राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) से की जबकि आरोपी आरा में ही उतर गया था।
पुलिस हालांकि उस व्यक्ति के टिकट की जांच कर यह पता लगाने में सफल रही कि उसका आरक्षण दिल्ली के साकेत बिहार से कराया गया था। इसी के आधार पर पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर का भी पता लगा लिया। इसके बाद आरा पुलिस ने इसकी सूचना पटना जीआरपी को दे दी।
पटना जीआरपी के थाना प्रभारी रामपुकार सिंह के मुताबिक आरोपी के फोन को ट्रेस कर उसे पटना के एक प्रतिष्ठित होटल से गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सिसोदिया से इस मामले में पूछताछ कर रही है।

'करगिल जंग से पहले भारत में मुशर्रफ ने की थी घुसपैठ'

करगिल की जंग पर एक नए खुलासे ने पाकिस्तान को एक बार फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान के एक पूर्व फौजी अफसर ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि करगिल में घुसपैठ के दौरान खुद जनरल परवेज मुशर्रफ नियंत्रण रेखा पारकर भारत में 11 किलोमीटर अंदर तक घुस आए थे। उन्होंने वहां एक रात भी गुजारी।
करगिल में 14 साल पहले भारतीय जवानों ने पाकिस्तान को धूल चटा दी थी। हमलावर पाकिस्तान को अपने मांद में लौटना पड़ा था। और अब इतने सालों बाद पाकिस्तान के पूर्व फौजियों ने कुछ सनसनीखेज खुलासे किए हैं। जिससे साफ हो जाता है कि करगिल की जंग पर आज तक पाकिस्तान झूठ बोलता आ रहा है। भारत पर इस जंग को थोपने वाले जनरल परवेज मुशर्रफ अभी भी खुद को पाक साफ बताने की कोशिश करते हैं, लेकिन एक किताब ने मुशर्रफ और तत्कालीन पाकिस्तानी सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। ये किताब लिखी है पाकिस्तान के रिटायर्ड कर्नल अशफाक हुसैन ने, जिसका नाम है-विटनेस टू ब्लंडर। 
इस किताब के मुताबिक 28 मार्च 1999 को जनरल परवेज मुशर्रफ हेलीकॉप्टर पर सवार होकर भारतीय सीमा के 11 किलोमीटर अंदर गए और जकरिया मुस्तकिर नाम की जगह पर एक रात गुजारी। करगिल में जंग की शुरुआत मई 1999 में हुई। उससे पहले तक पाकिस्तानी सरकार भारत के साथ दोस्ती का दिखावा कर रहा था, लेकिन खुद जनरल परवेज मुशर्रफ लाइन ऑफ कंट्रोल को पारकर भारतीय सीमा में दाखिल हो गए यानि साफ है करगिल की पूरी साजिश मुशर्रफ की निगरानी में तैयार हुई, लेकिन सालों तक मुशर्रफ दुनिया को यही बताते रहे कि करगिल में घुसपैठ करने वाले पाकिस्तानी सेना के जवान नहीं थे। इसी किताब में एक और खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान ने करगिल पर कब्जे का ब्लू प्रिंट दिसंबर 1998 में ही तैयार कर लिया था।

रिटायर्ड कर्नल अशफाक हुसैन के मुताबिक 18 दिसंबर 1998 को पहली बार पाकिस्तानी सेना के तीन जवानों को एलओसी पारकर भारतीय सीमा के भीतर हालात का जायजा लेने का आदेश दिया गया। इस किताब के सामने आने के बाद करगिल में भारत के हाथों मिली मात पर पाकिस्तान में नए सिरे से चर्चा शुरू हो गई है। जनरल मुशर्रफ करगिल की जंग को पाकिस्तानी की कामयाबी के बतौर पेश करते रहे हैं। उनके मुताबिक इस जंग में उनके सिर्फ 270 जवान मारे गए, लेकिन रिटायर्ड कर्नल अशफाक हुसैन के मुताबिक करगिल में करीब एक हजार पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।
अशफाक हुसैन के इस खुलासे के बाद पाकिस्तान में करगिल हमला मामले की न्यायिक जांच की मांग की जा रही है। विपक्ष के नेता चौधरी निसार अली खान ने कहा है कि जनरल मुशर्रफ ने बेवजह पाकिस्तान को करगिल युद्ध की आग में झोंका और इस मामले की जांच होनी चाहिए। अशफाक हुसैन के मुताबिक करगिल में शिकस्त खाने के बाद पाकिस्तान के हुक्मरानों ने इस जंग की कई अहम बातों पर पर्दा डाल दिया, लेकिन अब जांच में पूरी बात सामने आनी चाहिए।


गजब, घर से भागी 17 में, 30 साल बाद लौटी CEO बनकर

रंक से राजा बनने की कहानी सिर्फ पंचतंत्र की कहानियों में ही नहीं बल्कि असल जिंदगी में भी देखी जा सकती है। ऐसी ही एक कहानी है चंदा जावेरी की जो 17 साल में जबरदस्ती शादी करने के दबाव में भाग गयी थी और 30 साल बाद एक अरबपति बनकर लौटी है। 17 साल की उम्र में तीन साड़ी लेकर निकली यह लड़की आज की तारीख में एक सफल स्किन केयर कंपनी की सीईओ है।
पुरानी विचार धारा का था परिवार
एक पुरानी विचारधारा की मारवाड़ी परिवार में जन्मी चंदा जावेरी को उनकी मां शादी करने को लेकर दबाव बना रही थी। जावेरी ने कहा कि उन्होंने अपनी मां को कई बार समझाया कि यह उनका रास्ता नहीं है पर वह नहीं मानी। मेरी मां ने मुझे धमकाया कि अगर मैं (चंदा) शादी के लिए राजी नहीं हो ती तो फिर वह खुद को मार देंगी।
तीन साड़िया के साथ भागी गई थी घर से
17 साल की उम्र में चंदा के पास न पैसा था। उसके पास सिर्फ तीन साड़ी थी।चंदा अपने दोस्तों की मदद से अमेरीका पहुंच गयी। इसके बाद वही दोस्त उसके परिवार का हिस्सा बन गए। चंदा ने कहा कि मैंने अपना देश खो दिया। अपना घर खो दिया। लेकिन मुझे उस वक्त खोने के गम से ज्यादा आजादी की खुशी थी।
समाज ने उड़ाया परिवार का मजाक
दूसरी ओर परिवार में उसका भाग जाना एक शर्म की तरह देखा जा रहा था। चंदा के भाई अरुण कुमार ने कहा कि इस घटना के बाद परिवार को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। पडो़सियों ने परिवार का मजाक उड़ाया।पर अब चंदा उसके समुदाय के लिए एक उदाहरण बन चुकी है। वह एक सफल मोलिक्यूलर ब\यलोजिस्ट बन चुकी हैं जिसके पास 4 पेटेंट है। वह अमेरीका की एक सफल स्किन केयर कंपनी की सीईओ है। यह उसकी जिंदगी थी और वह आज अपनी जिंदगी से खुश है।
पहले भी गाढ़े महिलाओं ने झंडे
19 वर्षीय साची सोनी को दुनिया की सबसे उंची पर्वतीय चोटी माउंड एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए उनका चयन हुआ। वह पहले भी भारत के बड़े बड़े पहाड़ो पर चढ़ाई कर चुकी है। उन्हें हिमालयन माउंटेनियरिंग संस्थान द्वारा चयनित किया गया।
एक ओर जहां महिला सुरक्षा पर देश में बवाल मचा हुआ है वहीं प्रिया साचन देश की महिलाओं के लिए एक उदाहरण के तौर पर उभरी हैं। 21 वर्षीय प्रिया गुड़गांव के रेपिड मेट्रो प्रोजेक्ट के स्टेशन मैनेजर और 50 ट्रेन ऑपरेटर में अकेली महिला है।
वेश्यावृत्ति के पेशे को लोग हेय द्रष्टि से देखते हैं पर बिहार में मुजफ्फरनगर जिले की सेक्स वर्कर ने समाज के लिए ऐसा काम किया है जिसकी जिम्मदारी सामान्य नागरिक लेने में भी कतराते हैं। रानी बेगम नाम का नाम एक वेश्या नहीं बल्कि एक सामाजिक कार्यकर्ता के नाम से जाना जाता है। आज रानी अपने इलाके के 20,000 स्थानीय लोगों की आवाज बन चुकी हैं। जिसमें से एक बड़ी तादाद सेक्स वर्कर की है। रानी बेगम ने बच्चों के लिए भी व्यावसायिक कार्यक्रम शुरू किए हैं।