Thursday, December 6, 2012

माया-मुलायम के ‘गायब कंधे’ यहां नहीं जिता पाएंगे UPA को

यूपीए सरकार ने लोकसभा में एफडीआई की जंग जीत ली। लेकिन उसका असल इम्तिहान तो राज्यसभा में होगा जहां उसके पास बहुमत नहीं है। यहां समाजवादी पार्टी और बीएसपी सांसदों का वॉकआउट भी उसके काम नहीं आ पाएगा। 244 सदस्यीय राज्यसभा में सरकार को विपक्ष के प्रस्ताव को गिराने के लिए कम से कम 123 सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी। लेकिन फिलहाल आंकड़े उसके पक्ष में नहीं दिख रहे हैं।
एसपी-बीएसपी से भी राहत नहीं
भले ही एसपी और बीएसपी ने लोकसभा से वॉकआउट कर सरकार का काम आसान बना दिया। लेकिन राज्यसभा की स्थिति अलग है। यहां अगर दोनों पार्टियो ने मतविभाजन में हिस्सा नहीं भी लिया तो सरकार की मुश्किलें खत्म नहीं होंगी। दोनों के गैरहाजिर रहने पर भी सरकार के लिए शर्मनाक स्थिति पैदा हो सकती है। जाहिर है ऐसे में सरकार को उम्मीद निर्दलीयों और मनोनीत सदस्यों से ही होगी।
आंकड़ों पर नजर
अब उन आंकड़ों पर गौर करते हैं जिसने यूपीए को परेशान कर रखा है। भले ही यूपीए ने लोकसभा मे बाजी मार ली हो, लेकिन राज्यसभा का गणित वाकई परेशान करने वाला है। 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में कांग्रेस के 70, एनसीपी के 7, डीएमके के 7 और 6 निर्दलीय सांसद हैं। आरजेडी और एलजेपी का एक-एक सांसद सरकार के साथ हैं। जबकि बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के 25 सांसद हैं। अगर एसपी-बीएसपी मतविभाजन में हिस्सा नहीं लेती हैं तो और राज्यसभा से भी वॉकआउट करते हैं तो यूपीए को 92 सांसदों का समर्थन ही रह जाएगा। ऐसे स्थिति में विपक्ष को साफ बढ़त मिल जाएगी। एफडीआई के विरोध में खड़े विपक्ष के पास करीब 110 वोट हैं। एक भी सांसद की गैरमौजूदगी यूपीए के लिए शर्मनाक स्थिति पैदा कर सकती है।
बीजेपी का दावा
उधर, बीजेपी का दावा है कि 13 दलों के 106 सांसद सरकार के खिलाफ वोट करेंगे। विपक्ष को भी निर्दलीयों और छोटे दलों के समर्थन से उम्मीद है, जिन्होंने अब तक अपना रुख साफ नहीं किया है। साफ है कि सरकार के लिए राज्यसभा में अपनी साख को बचाना भारी पड़ रहा है। यहां विपक्ष भारी पड़ा दिख रहा है। अगर सरकार के रणनीतिकारों ने कोई खास रणनीति नहीं अपनाई तो उसे राज्यसभा में मुंह की खानी पड़ सकती है।

मायावती का सुषमा पर वार, कहा-खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचे

रिटेल में एफडीआई के खिलाफ विपक्ष के प्रस्ताव पर राज्यसभा में चर्चा जारी है। चर्चा के दौरान बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा की नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज पर उनके कल के बयान को लेकर जमकर भड़ास निकाली और सुषमा को खिसियानी बिल्ली तथा बीजेपी को लोमड़ी तक की उपमा दे दी।
मायावती ने अपना भाषण शुरू ही सुषमा पर वार करते हुए की। माया ने कहा कि लोकसभा में बीजेपी का प्रस्ताव गिर गया तो नेता प्रतिपक्ष ने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचती है। हमने लोकसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया और बीजेपी का प्रस्ताव गिर गया तो वो लोमड़ी की तरह अंगूर खट्टे होने की बात चरितार्थ कर रही है।

मायावती ने कहा कि जब भी हमारे विरोधियों के खिलाफ वोट होता है तो वो सीबीआई का मामला उछालते हैं। कल लोकसभा में और आज राज्यसभा में भी नेता प्रतिपक्ष ने वोटिंग के मुद्दे को एफडीआई बनाम सीबीआई करार दिया है। ये सीबीआई के बेजा इस्तेमाल का मामला है। माया का पूरा भाषण एफडीआई पर कम और बीजेपी के खिलाफ ज्यादा रहा। उनके भाषण पर हुए हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही 10 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी गई।

माया-मुलायम का मिले साथ या वोटिंग तक पहुंचे ही न बात!

एफडीआई पर बहस के बाद शाम को राज्यसभा में वोटिंग होनी है लेकिन मौजूदा आंकड़ों ने सरकार को चिंता में डाल रखा है। अगर राज्यसभा में माया-मुलायम लोकसभा की तरह वोटिंग के दौरान गैरहाजिर रहे तो भी सरकार की हार तकरीबन तय है। ऐसे में सरकार के पास सिर्फ दो ही विकल्प हैं, या तो वो एसपी-बीएसपी को अपने पक्ष में वोट डालने को मजबूर करे या फिर लोकपाल बिल की तरह ऐसे हालात पैदा कर दे कि वोटिंग हो ही न पाए।
 राज्यसभा में समाजवादी पार्टी के 9 सांसद हैं। अगर कांग्रेस के रणनीतिकार मुलायम को मनाने में कामयाब रहे तो सरकार के पास 101 वोट हो जाएंगे। इसके बाद राज्यसभा में सरकार का गेम कामयाब बनाने में मायावती सबसे बड़ा रोल अदा कर सकती हैं। बीएसपी के राज्यसभा में 15 सांसद हैं। माया-मुलायम के बिना सरकार की नैया पार नहीं होगी। अगर सरकार को दोनों का साथ मिल जाए तो यूपीए के पास 116 वोट हो जाएंगे यानी सरकार बहुमत के आंकड़े 223 के काफी करीब पहुंच जाएगी। ऐसे में सरकार को अगर मनोनीत 10 सदस्यों का समर्थन मिल जाता है तो उसके कुल वोट 126 हो जाएंगे। इसके अलावा सात निर्दलीय वोटों में से भी वो कुछ को अपने पाले में कर इज्जत बचाने में कामयाब रहेगी।
वोटिंग तक न पहुंचने दे बात
सरकार के पास दूसरा विकल्प ये है कि राज्यसभा में ऐसी स्थिति पैदा हो जाए कि यहां वोटिंग हो ही ना पाए। ठीक उसी तरह जिस तरह लोकपाल बिल को लेकर आरजेडी सांसद राजनीति प्रसाद ने सदन में बिल को ही फाड़ डाला जिससे हंगामे की स्थिति पैदा हो गई और वोटिंग नहीं हो पाई। विपक्ष को भी ऐसा ही कुछ होने का अंदेशा है। यही वजह है कि उसे राज्यसभा में लगातार हो रहे हंगामे में साजिश नजर आ रही है। बीजेपी नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने आरोप लगाया है कि सरकार राज्यसभा में जानबूझकर हंगामा करवा रही है ताकि वोटिंग से बचा जा सके। सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने भी कहा कि ये बात सही लगती है कि सरकार सदन न चलने देने की साजिश कर रही है।
साफ है कि सरकार के सामने इन दो विकल्पों के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। कौन सा विकल्प उसके काम आता है ये शुक्रवार को वोटिंग के दौरान साफ हो जाएगा। क्या सदन में हंगामा मचेगा या माया-मुलायम सरकार का खुलकर साथ देंगे, इसका जवाब जल्द मिल जाएगा।

Saturday, December 1, 2012

पोंटी के काले कारोबार का साझीदार था नामधारी

उत्‍तर प्रदेश के रियल एस्‍टेट और शराब कारोबारी पोंटी चड्ढा मर्डर केस में पुलिस जांच में नए खुलासे सामने आ रहे हैं। गौरतलब है कि 17 नवंबर को पोंटी चड्ढा और उसके भाई की एक गोलीकांड में मौत हो गयी थी। जिसमें जांच के दौरान सुखदेव सिंह नामधारी का भी नाम जुड़ा है। पुलिस ने पूछताछ में पाया कि सुखदेव पोंटी चड्ढा के काले कारोबार का साझीदार रहा है।ऐसे में पुलिस का यह मानना रहा है कि नामधारी ने व्‍यक्तिगत लाभ के लिए पोंटी और हरदीप के बीच विवाद को हवा देकर दोनों को रास्‍ते से हटाने की चाल चली। पोंटी ने अभी कुछ समय पहले नामधारी के नाम से दक्षिण अफ्रीका में 2000 एकड़ जमीन खरीदी थी। पोंटी रियल एस्‍टेट के कारोबार को विदेशों में फैलाना चाह रहा था। पुलिस का कहना है कि जब पोंटी को अपने यूपी और दिल्‍ली ठिकानों पर इनकम टैक्‍स रेड की जानकारी मिली तो उसने अपने पास से 200 करोड़ रूपये रखने के लिए नामधारी को दिये थे।
पुलिस के अनुसार नामधारी की गोली हरदीप की पीठ में लगी है जिससे नामधारी पर हत्‍या का मुकदमा भी चल रहा है। पोंटी और नामधारी के बीच करोड़ों रूपये का लेन देन भी हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं नामधारी ने ही तो हरदीप को भी अपने भाई के प्रति नहीं भड़काया। पुलिस नामधारी को साजिशकर्ता के तौर पर भी देख रही है।
पोंटी और हरदीप के बीच फॉर्म हाउस को लेकर पहले से ही विवाद था। हरदीप इसे बेच देना चाहता था जिससे कि पोंटी और नामधारी की गतिविधियां तेज हो गयी। ऐसे में इस हत्‍याकांड में नामधारी की भूमिका की जांच की जा रही है। यह हत्‍याकांड छतरपुर में 42 नंबर फार्महाउस पर हुआ था।