Saturday, December 1, 2012

स्‍मृति स्‍थल पर हुआ गुजराल का अंतिम संस्‍कार

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल का आज शाम तीन बजे दिल्‍ली के स्‍मृति स्‍थल पर अंतिम संस्‍कार कर दिया गया। आज सुबह से ही उन्‍हें श्रद्धां‍‍जलि देने के लिए बड़े राजनीतिज्ञ आते रहे। उनके निधन पर भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, मीरा कुमार, लालकृष्‍ण आडवाणी और भारत के राष्‍ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने शोक व्‍यक्‍त किया। प्रणव मुखर्जी ने कहा कि गुजराल के निधन से मैनें एक करीबी दोस्‍त खो दिया।गौरतलब है कि गुजराल 92 वर्ष के थे और लंबे समय से फेफड़ों के संक्रमण की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्‍हें 19 नवंबर को गुड़गांव के मेंदांता सिटी अस्‍पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके निधन के बाद सात दिन के राजकीय शोक की घो‍षणा की गई है। वह एक साफ सुथरी छवि के नेता थे।
उनकी मृत्‍यु से आहत देश की कई जानीमानी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया। उनका अंतिम संस्‍कार पूर्व निधारित जगह स्‍मृति स्‍थल पर किया गया। उनके अंतिम संस्‍कार के मौके पर देश के कई बड़े नेता मौजूद थे।

'जी ग्रुप के हेड सुभाष चंद्रा पुलिस जांच में होंगे शामिल'

नई दिल्ली। जी समूह के प्रमुख सुभाष चंद्रा जल्द ही जी न्यूज के दो संपादकों के खिलाफ धन वसूल करने के मामले में जांच में शामिल होंगे। समूह के वकील ने यह जानकारी दी। जी न्यूज के प्रमुख सुधीर चौधरी और जी बिजनेस के प्रमुख समीर आहलूवालिया को कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल की जिंदल स्टील एंड पॉवर लिमिटेड (जेएसपीएल) कंपनी से 100 करोड़ रुपए की मांग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील आर के हांडू ने कहा कि चंद्रा इस समय देश से बाहर हैं। लेकिन वह जल्द जांच में शामिल होंगे। हांडू ने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। वह किसी भी समय में जांच में शामिल हो सकते हैं।
पुलिस ने बुधवार को चंद्रा को नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने का आग्रह किया था। पुलिस के अनुसार चंद्रा इस मामले में आरोपी हैं क्योंकि उन्हें अपने कर्मचारियों के इस सौदे के बारे में मालूम था। पुलिस उपायुक्त एस बी एस त्यागी ने कहा कि हम उनके जांच में शामिल होने का इंतजार कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने फिलहाल इस मामले में जी न्यूज के अन्य कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया है। त्यागी ने कहा कि गुरुवार को कुछ कर्मचारियों से पूछताछ हुई। पुलिस ने सुभाष चंद्रा को नोटिस कॉल डिटेल्स की जांच के बाद भेजा है जिसके अनुसार दोनों पत्रकारों ने हयात रीजेंसी होटल में जेएसपीएल कर्मियों से पहली मुलाकात के बाद उन्हें फोन किया था।

SC का सवाल, क्यों न आधार योजना को बंद कर दिया जाए?

यूपीए सरकार की महत्वाकांक्षी आधार योजना पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। एक जनहित याचिका में आधार योजना को बंद करने की मांग की गई है। उधर, प्रधानमंत्री कार्यालय ने आज कई मंत्रालयों से कहा है कि वो नकद सब्सिडी योजना को जल्द लागू करने के लिए तेजी दिखाएं। ये योजना आधार कार्ड पर ही आधारित है।
आधार कार्ड, एक ऐसा कार्ड है जिसमें किसी नागरिक का सारा लेखा-जोखा होता है- नाम, पता से लेकर फिंगर प्रिंट तक। सरकार इस आधार कार्ड को गरीबों के लिए बनाई जाने वाली तमाम योजनाओं पर अमल का आधार बनाना चाहती है लेकिन शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों ना आधार योजना को बंद कर दिया जाए।
दरअसल, एक जनहित याचिका में कहा गया है कि आधार कार्ड भारत में अवैध ढंग से रह रहे विदेशियों को भी दिया जा रहा है। आधार से जुड़ा नेशनल आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया बिल संसद में लंबित है। इस बिल को वित्तीय मामलों के लिए बनी संसद की स्थायी समिति ने भी खारिज कर दिया है।
उधर शुक्रवार को ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने कई मंत्रालयों को चिट्ठी लिख कर आधार योजना में तेजी लाने को कहा है। पीएमओ में प्रधान सचिव पुलक चटर्जी ने लिखा है कि मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि नकद योजना पर जल्द काम किया जाए। इसके लिए जरूरी है कि आपके पास योजना का फायदा पाने वालों का आधार नंबर हो।
गौरतलब है कि सरकार सब्सिडी की जगह उसका पैसा सीधे लोगों के खाते में भेजना चाहती है। इसके लिए आधार जरूरी है लेकिन विपक्ष इसे मतदाताओं को लालच देने की योजना बता रहा है। बीजेपी ने शुक्रवार को इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की। हालांकि कांग्रेस आरोप को खारिज कर रही है।
बीजेपी नेता सुषमा स्वराज और लालकृष्ण अडवाणी चुनाव आयोग से मिले। आडवाणी ने कहा कि कैश ट्रांसफर का क्रियान्वयन एक जनवरी से होना है लेकिन पहले से इसकी घोषणा चुनाव वाले राज्यों में केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी को फायदा पहुंचा सकती है। चुनाव आयुक्त ने हमें भरोसा दिया है कि वो मामले को देखेंगे।
बीजेपी के आरोपों पर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि वो लोग जानते हैं कि हार जाएंगे इसलिए इस तरह के मुद्दे उठा रहे हैं। उनके हिसाब से चलें तो पूरे पांच साल हमें किसी नीति का ऐलान करना ही नहीं चाहिए।
जाहिर है, आधार पर राजनीति का कोई आधार हो या नहीं, लेकिन अब ये सुप्रीम कोर्ट तय करेगा कि योजना का भविष्य क्या होगा। यूपीए इसे 2014 का गेम चेंजर बता रही है। पर अगर कानूनी अड़चनों में पड़ गया तो सीधा असर देश की राजनीति पर पड़ेगा।

मूवी रिव्यूः मिस मत कीजिए, बेहतरीन फिल्म है ‘तलाश’

एक अंधेरे से मूड को दर्शाती रीमा कागती की फिल्म तलाश की शुरुआत होती है मुंबई की अंधेरी गलियों से। गंदे बार की हल्की लाइट और चकले के कमरों से कैमरा निकलता हुआ पहुंचता है जहां वेश्याएं अपने-अपने काम पर निकलने से पहले लाइन में खड़ी हैं।
मोटे दिखने वाले दलाल अपनी लड़कियों के लिए ग्राहक की तलाश में है। एक गरीब बूढ़ी औरत सड़क के किसी कोने में खड़ी ये सब देख रही है। एक लड़का टैक्सी पकड़ने की कोशिश कर रहा है। ये इस शहर का ऐसा चेहरा है जिसे हम अकसर देखते हैं,पर उस पर कभी ध्यान नहीं देते। फिर भी जो बात कागती तलाश के जरिए कहना चाहती हैं वो ये कि ये लोग हमारी सोसायटी के जीने का तरीका है और ये लोग भी अहमियत रखते हैं। ये भी इंसानियत और प्यार के लायक हैं। 
ये सभी पहलू बहुत ही खूबी से एक मर्डर मिस्ट्री के साथ तालमेल कर दिखाए गए हैं। इनकी शुरूआत होती है उस रात से जब एक फिल्म स्टार एक्सीडेंट में मारा जाता है और अपनी कार के समेत समंदर में गिर जाता है। इंस्पेक्टर सूरज सिंह शेखावत यानि आमिर खान जैसे जैसे इस केस की जांच करता है,जो जैसा दिख रहा है उससे कही ज्यादा पेचीदा निकलता है, वो शहर के इस हिस्से में धंसता चला जाता है।  
किसी करीबी की मौत के अपराधबोध के तले दबा शेखावत खुद को इस जांच में पूरी तरह से डुबो लेता है। वही उसकी पत्नी रोशनी यानि रानी मुखर्जी निराशा और अकेलेपन से जूझती रहती है। जब ये पुलिस अफसर क्लू ढूढ़ने के लिए रात के अंधेरे मे शहर के छोटे-मोटे कोने में निकलता है, तभी शेखावत की दोस्ती होती है एक कॉलगर्ल रोजी यानि करीना कपूर से जो इस केस की कड़ियां जोडने मे पुलिस की मदद करती है।
कागती अपनी राइटर जोया अख्तर के साथ आपको बांधे रखने वाली कहानी कहती है जिसकी कई परतें हैं। ऊपरी तौर पर ये एक मजेदार सस्पेंस फिल्म लगती है, पर तलाश बहुत कुछ दुखों और उनसे उबरने की कहानी है। ये रिश्तों और प्यार की कहानी है, साथ ही ये असाधारण विश्वासों पर सवाल खडे़ करती है। कई सारे थीम को एक साथ लाते हुए फिल्म के राइटर अपने अहम मुद्दे से ना बहकते हुए इसे सिंपल और पहुंच के अंदर रखते हैं।
हालांकि इसकी कुछ कमियां भी है, फिल्म के अंत में आने वाला ट्विस्ट बिना किसी दोराय के बहुत ही बचकाना है पर फिर भी कागती अपने इस सफर को इंगेजिंग बनाए रखती है। फिल्म के ट्विस्ट से ज्यादा निराशाजनक ये है कि किस तरह फिल्म के राइटर उसके ट्विस्ट को एक्सप्लेन करने के लिए रिकैप करते हैं, मानो वो दर्शकों को समझा ना पाया हो।
फिर भी तलाश की सबसे अच्छी बात है उसके दिलचस्प किरदार और उन्हें निभाने वाले बेहतरीन कलाकार। लंगडे़ तैमूर के किरदार में नवाजुद्दीन सिद्दीकी लाजवाब हैं जो गिरगिट की तरह अपना रंग बदलते हैं। शेखावत के जूनियर ऑफिसर के किरदार में राजकुमार यादव महज एक सीन में ही हैं जिसमें वो सिर्फ एक तमाशाबीन हैं और सिर्फ एक लाइन का डायलॉग बोलते हैं। लेकिन वो ये साबित कर देते हैं कि अच्छे एक्टर को अपना हुनर दिखाने के लिए एक छोटा सा किरदार भी काफी है।
फिल्म की लीड में करीना कपूर कुछ बेहद बचकाने डॉयलॉग्स के बावजूद अपने किरदार में जान डालती हैं। पुलिस वाले की हताश पत्नी के किरदार में रानी मुखर्जी इमोशंस के साथ अपने किरदार को बहुत ही खूबी के साथ पर्दे पर उतारती हैं। पर फिल्म के सेंट्रल रोल में आमिर खान ही हैं जो अपनी छाप छोड़ते हैं। शेखावत अपने इमोशंस को अपने अंदर ही दबा जाता है और इस चीज को आमिर खान अपनी तनी हुई बाजुओं, मूंछों और अपने बेहतरीन अभिनय के साथ बखूबी पर्दे पर उतारते हैं।
डायरेक्टर रीमा कागती ने इसी फिल्म में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है जो मूड और माहौल में काफी अच्छी लगती है। पर तलाश जितनी अर्जेंट और टेंशन से भरी लगनी चाहिए उतनी नहीं लगती और इसका प्लॉट भी उतना कॉम्लेक्स नहीं लगता जितना होना चाहिए था। इसका नतीजा है कि ये फिल्म देखने लायक जरूर है पर ग्रेट फिल्म नहीं है। मैं डायरेक्टर रीमा कागती की तलाश को पांच में से साढ़े तीन स्टार देता हूं। इसे मिस मत करिएगा, ये साल की बेहतरीन फिल्मों में से एक है।