Thursday, January 24, 2013

पाकिस्तान में बम विस्फोट, छह की मौत और सात जख्मी

पाकिस्तान के कराची में गुरुवार शाम दो बम विस्फोटों में तीन पुलिसकर्मियों सहित कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कराची स्थित शेरपाओ कॉलोनी में पहला विस्फोट हुआ।
हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। घटना की खबर मिलने पर पुलिस और बचाव दल विस्फोट स्थल पर पहुंचा, तभी यहां दूसरा विस्फोट हुआ जिससे पुलिस के जवानों और बचावकर्मियों सहित कम से कम 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां छह लोगों ने दम तोड़ दिया। विस्फोट से तीन एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गईं जो वहां बचाव कार्य के लिए पहुंची थीं।


एक ऐसा गांव जहां अजगर संग खेलते हैं नन्हे मुन्ने!

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक ऐसा गांव है जहां बच्चे सांपों से खेलते हैं, यही नहीं उन्हें वह अपना मित्र मानते हैं। कुशीनगर के पडरौना विकास खंड में स्थित इस गांव में शिव और दुर्गा जी का मंदिर है। सखवनिया के नाम से प्रसिद्ध इस गांव की आबादी बीचोंबीच स्थित है एक तरफ वाडी नाला है तो दूसरी ओर जंगल झाड़ी है। यहां स्थित झाड़ियों से पटे मंदिरो के पीछे अजगरों का बसेरा है। इन्हें जहां धार्मिक महत्ता से जोड़कर ग्रामीण देखते हैं वहीं यहां के बच्चे सांपों के साथ खेलते हैं।
60 फीट ऊंचे टीले स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर जो इलाके के लिए आस्था का केंद्र है तो यहां बसने वाले सांपों भी श्रद्धा का केंद्र हैं। तभी तो इन सांपों को कोई मारता नहीं है बल्कि सिर झुकाता है। सैकड़ों की संख्या मे मौजूद अजगर सांपों को पुरातन धार्मिक मान्यताओं से जोड़कर लोग देखते है।
स्थानीय ग्रामीण विंध्याचल प्रसाद, नंददेव गुप्ता, केदार चौधरी बताते हैं कि ये सांप किसी जीव-जंतु को नुकसान नहीं पहुंचाते, यहां तक किसी बच्चे को भी क्षति नहीं करते हैं। उनका मानना है कि हम सभी लोग सालों से ऐसा होते देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप यह जानकार अचरज में पड़ जाएंगे कि यहां बच्चे इन सांपों से खेलते हैं। टीले पर पहुंचे बच्चों को देखकर सांप भागते नहीं मानो उनको आमंत्रण देते हैं। बच्चे भी डरते नहीं वरन उनको हाथ में उठाकर दुलारते और उनसे खेलते हैं।

'किस्मत' के वोट से मात खा गया दस्यु ददुआ का कुनबा!

महाभारत के प्रसंग पर सही कहा गया है कि 'पुरुष बली नहीं होत है समय होत बलवान, भीलन लूटी गोपिका वही अर्जुन वही बान।' कभी बुंदेलखंड़ के चित्रकूट जिले के पाठा क्षेत्र में समानान्तर सरकार चलाने वाले दुर्दांत दस्यु सरगना ददुआ की तूती बोला करती थी और ग्राम प्रधान ही नहीं सांसद और विधायक भी उसके ही फरमान पर चुने जाते थे, लेकिन उसकी मौत के बाद उसके कुनबे से समाजवादी पार्टी (एसपी) के दो विधायक और एक सांसद जिला पंचायत अध्यक्ष का उपचुनाव 'किस्मत' के वोट से हार गए।
पांच लाख रुपए का इनामी दुर्दात दस्यु सरगना ददुआ के तीन दशक के अतीत के बारे में सभी जानते हैं। बुंदेलखंड की धरती में समानान्तर सरकार चलाने वाले दस्यु ददुआ की मौत 2007 में एक पुलिस मुठभेड़ में हो चुकी है, लेकिन अपने जिंदा रहते जितना राजनीतिक दखल उसने किया, वह किसी से छिपा नहीं है। चित्रकूट जनपद की सरहद से लगी 13 विधानसभाओं के विधायक और कम से कम चार सांसदों का उसकी मर्जी से चुना जाना बताया जाता रहा है। तीन दशक के दौरान दस्यु ददुआ कभी वामपंथ, तो कभी बसपा का समर्थक रहा, लेकिन मौत से कुछ दिन पूर्व वह समाजवादी पार्टी का समर्थक बन गया। आज उत्तर प्रदेश की विधानसभा में एसपी से उसके कुनबे के दो विधायक (चित्रकूट सदर से बेटा वीर सिंह और प्रतापगढ़ जिले की पट्टी से भतीजा राम सिंह) हैं और सगा छोटा भाई बालकुमार पटेल मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र से एसपी के सांसद हैं।
दस्यु ददुआ ने पहली बार साल 2005 के जिला पंचायत चुनाव में सीधे तौर पर अपने कुनबे को राजनीति में प्रवेश दिलाया था। आरोप है तब उसने अपने बेटे वीर सिंह (वर्तमान चित्रकूट विधायक) को अपनी धौंस के बल पर निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित करा दिया था। उसके डर से किसी अन्य सदस्य ने नामांकन करने तक की हिम्मत नहीं जुटाई थी। बस इसी पंचायत चुनाव से दस्यु ददुआ के कुनबे ने राजनीतिक चोला पहन लिया।
दस्यु ददुआ के खौफ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसकी मौत के बाद हुए साल 2010 के जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में ददुआ की बहू और वीर सिंह (अब सदर विधायक) की पत्नी ममता पटेल को 14 सदस्यीय पंचायत बोर्ड में सिर्फ अपना ही वोट लेकर संतोष करना पड़ा था और बीएसपी के रमेश सिंह पटेल चुनाव जीत गए। इधर, सूबे में मायावती की सरकार गई और अखिलेश यादव की अगुआई में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी, साथ ही चित्रकूट सदर से ददुआ का बेटा वीर सिंह और प्रतापगढ़ की पट्टी विधानसभा से सगा भतीजा राम सिंह एसपी के टिकट से विधायक चुने गए, जबकि इसके पहले साल 2009 में मृत डकैत का सगा भाई बालकुमार मिर्जापुर से एसपी के ही टिकट पर सांसद निर्वाचित हो चुके थे।
एक ही कुनबे और दल से तीन जनप्रतिनिधियों का होना मायने रखता है। बस, वीर सिंह की अगुआई में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के जरिए जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश पटेल को पदच्युत कर दिया गया।
21 जनवरी को हुए पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में ददुआ परिवार के तीनों जनप्रतिनिधियों ने ममता को चुनाव जिताने में जोर लगा दिया, यहां तक कि एक सदस्य शिवशंकर सिंह के भाई ने तीनों के खिलाफ अपहरण करने का पुलिस में अभियोग भी दर्ज कराया और पुलिस ने सदस्य को मिर्जापुर से बरामद किया। लेकिन इन सबके बाद भी इस कुनबे को एसपी के ही बागी उम्मीदवार शिवशंकर लाल यादव से बैलेट के वोट से नहीं, बल्कि 'किस्मत' के वोट से पराजित होना पड़ा।
कुछ हुआ यूं कि 14 सदस्यीय पंचायत बोर्ड में ममता और शिवशंकर लाल को बराबर सात-सात मत मिले, बाद में प्रशासन ने दोनों की रजामंदी से पांच साल के बच्चे अरमान के हाथों 'लॉटरी' डलवाई, जिसमें शिवशंकर लाल यादव के अरमान पूरे हुए और दस्यु ददुआ का कुनबा पराजित हो गया।
उपचुनाव जीत चुके शिवशंकर लाल यादव का कहना है कि 'यह जीत दस्यु ददुआ के राजनीतिक आतंक का अंत है।' जबकि वीर सिंह ने कहा कि 'उन्होंने चुनाव में अपराध का सहारा नहीं लिया, पत्नी की हार बैलेट से नहीं, 'किस्मत' की वजह से हुई है।'

एचआईएल: वॉरियर्स ने मैजिशियंस को 4-3 से हराया

जेपी पंजाब वॉरियर्स ने सुरजीत हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पहले संस्करण के 13वें मुकाबले में मुम्बई मैजिशियंस को 4-3 से हरा दिया। इस मैच में दो आत्मघाती गोल हुए। मैजिशियंस के लिए संदीप सिंह ने 14वें और ग्लेन टर्नर ने 54वें मिनट में गोल किया।
वॉरियर्स की ओर से मलाक सिंह ने 34वें, एस वी सुनील ने 39वें, और रसेल फोर्ड ने 45वें मिनट में गोल दागा। मैजिशियंस और वॉरियर्स के खिलाफ एक-एक आत्मघाती गोल हुए। मैजिशियंस के खिलाफ यह गोल 30वें मिनट में हुआ जबकि वॉरियर्स के खिलाफ 66वें मिनट में हुआ।
संदीप ने 14वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर मैजिशियंस को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद हालांकि 30वें मिनट में पीआर श्रीजेश की गलती के कारण मैजिशियंस को मुंह की खानी पड़ी और वॉरियर्स को बिना मेहनत की बराबरी का गोल मिल गया।
34वें मिनट में वॉरियर्स को एक पेनाल्टी कार्नर मिला, जिसे श्रीजेश ने नाकाम कर दिया लेकिन गोलपोस्ट के पास जमा भीड़ का फायदा उठाकर मलाक ने वॉरियर्स को 2-1 से आगे कर दिया।
इसके बाद 39वें मिनट में तेजतर्रार फारवर्ड सुनील ने एक शानदार मैदानी गोल करके वॉरियर्स को 3-1 से आगे कर दिया। फोर्ड ने 45वें मिनट में गोल करके मैजिशियंस को 2-3 के सम्माजनक स्थिति में लाने का काम किया।
लेकिन 54वें मिनट में ग्लेन टर्नर ने अकेले दम पर एक मैदानी गोल करके वॉरियर्स को एक बार फिर 4-2 की मजबूत स्थिति में ला दिया।
वॉरियर्स का प्रयास जारी रहा लेकिन 66वें मिनट में मैजिशियंस के हमले ने उसके डिफेंडर इग्नेस को गलती करने पर मजबूर किया। इग्नेस ने टर्नर की ओर से गोल की तरह ढकेली गई गेंद को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह उनकी स्टिक से लगकर गोलपोस्ट में चली गई। इस तरह वॉरियर्स ने यह मैच 4-3 के स्कोर से जीता।