Thursday, October 18, 2012

मोदी को नहीं चाहिए बिहारी नेता

 गुजरात में दिसंबर महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से न ही कोई प्रमुख मुस्लिम चेहरा और बिहार से पार्टी का नेता राज्य में चुनाव प्रचार के लिए जाएगा.
चुनाव आयोग को राज्य में प्रचार के लिए सौंपी गई सूची में भाजपा के बिहार राज्य के नेताओं का नाम शामिल नहीं है
बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा के गठबंधन वाली सरकार सत्ता में है.
राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अकसर नरेंद्र मोदी के राज्य में चुनाव प्रचार करने को लेकर आपत्ति जाहिर करते रहे हैं.
भाजपा अपने मुस्लिम चेहरों मुख्तार अब्बास नक़वी और शहनवाज़ हुसैन को अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों पर बात करने के लिए सामने लाती रही है लेकिन इस बार गुजरात में मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या होने के बावजूद वो इन नेताओं को राज्य में चुनाव प्रचार के लिए मैदान में नही उतार रहे हैं.
राज्य में दो चरणों में 13 और 17 दिसंबर को चुनाव होंगे और मतगणना 20 दिसंबर को होगी.

सूची

चुनाव आयोग को 39 भाजपा प्रचारकों की जो सूची सौंपी गई है उसमें सुशील कुमार मोदी, रवि शंकर प्रसाद , शहनवाज़ हुसैन, राजीव प्रताप रुढ़ी और शत्रुघ्न सिन्हा के नाम शामिल नहीं हैं.

गुजरात में आडवाणी, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली चुनाव प्रचार करेंगे
दरअसल चुनाव प्रचार के लिए पार्टी 40 स्टार प्रचारकों के नाम चुनाव आयोग को दे सकती है. इस संबंध में पार्टी को प्रचार के खर्च की जानकारी भी आयोग को देनी पड़ती है.
मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी चौथे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे हैं और राज्य में चुनाव प्रचार के लिए उनका साथ देने पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, नितिन गडकरी, अरुण जेटली और सुषमा स्वाराज जाएंगे.
भाजपा इन चुनावों के दौरान मुख्यमंत्रियों रमन सिंह, शिवराज सिंह चौहान, प्रेम कुमार धूमल, मनोहर पारिकर और अर्जुन मुंडा से भी प्रचार करवाएगी.
इस चुनाव में केवल सूफी संत महबूब अली बाबा ही पार्टी के अकेले मुस्लिम चेहरा होंगे जो प्रचार करेंगे.
ये गुजरात में पार्टी के लघुमति मोर्चा के अध्यक्ष हैं.
वहीं स्टार प्रचारकों में बॉलीवुड की अभिनेत्री हेमा मालिनी ,स्मृति ईरानी और क्रिकेट से राजनीति में आए नवजोत सिंह सिद्धु का नाम शामिल है.

किंगफिशर के विंटर शिड्यूल को DGCA ने खारिज किया

किंगफिशर एयरलाइंस को एक और तगड़ा झटका लगा है। कंपनी के विंटर शिड्यूल को डीजीसीए ने खारिज कर दिया है। किंगफिशर एयरलाइंस के सीईओ संजय अग्रवाल ने कहा कि कंपनी ने फिलहाल ऑपरेशन बंद रखने का फैसला लिया है।
किंगफिशर एयरलाइंस ने फिर बकाया वेतन पर गतिरोध दूर करने के लिए कर्मचारियों के साथ बैठक की। लेकिन इस बैठक में कोई बात नहीं बनी। कर्मचारी भी 7 महीने से बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर है।


हॉलैंड में पिकासो की बेशकीमती पेंटिंग चोरी

लंदन। महान चित्रकार पाब्लो पिकासो, हेनरी मैतिसे और क्लाउडे मोनेट की बेशकीमती और सवोत्कृष्ट कृतियां हॉलैंड के एक संग्रहालय से चोरी हो गई हैं। चोर रोटर्डम के अतिसुरक्षित कुंस्थाल संग्रहालय में घुसने में कामयाब रहे।
एक विशेषज्ञ का कहना है कि चोरी के तरीके से यह लगता है कि चोरों को अंदर की जानकारी पता होगी। हॉलैंड की पुलिस ने सात पेंटिंग के चोरी होने की पुष्टि की है। रोटर्डम पुलिस के एक प्रवक्ता रोलैंड एक्केर्स ने बताया कि उन्हें मंगलवार तड़के तीन बजे चोरी की सूचना मिली। एक समाचार पत्र के मुताबिक यह हॉलैंड में पेंटिंग की सबसे बड़ी चोरी है।

समायोजित की जाएगी आईएसएस की कक्षा

सोयुज अंतरिक्ष यान की डॉकिंग के लिए बेहतर परिस्थितियां पैदा करने के लिए विशेषज्ञ बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की कक्षा को समायोजित करेंगे। समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मॉस्को स्थित मिशन कंट्रोल सेंटर के अनुसार कक्षा को फिर से समायोजित करने का कार्य रशियन जवेज्डा सर्विस मॉडयूल के इस्तेमाल से किया जाएगा।
सेंटर के प्रवक्ता ने बताया कि स्टेशन की कक्षा की औसत ऊंचाई एक से 436 किलोमीटर तक बढ़ाई जा सकती है। इस ऑपरेशन के 15.24 जीएमटी (अंतर्राष्ट्रीय समय) पर शुरू होने की उम्मीद है। कक्षा समायोजित करने का उद्देश्य 25 अक्टूबर को मानवयुक्त सोयुज अंतरिक्ष यान की डॉकिंग के लिए बेहतरीन परिस्थितियों को सुनिश्चित करना है। सोयुज टीएमए- 06एम अंतरिक्ष स्टेशन के लिए सदस्यों का नया दल लेकर जाएगा, जिसमें रूसी अंतरिक्ष यात्री ओलेग नोवितस्काइ, येवगेनी तारेलकिन और नासा अंतरिक्ष यात्री केविन फोर्ड शामिल हैं।