Saturday, May 4, 2013

सरबजीत का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

पाकिस्तान की जेल में मारे गए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह का आज पंजाब में उनके पैतृक गांव भिखिविंड में अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कर दिया गया। सरबजीत को बहन दलबीर ने मुखाग्नी दी। अंतिम संस्कार में राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, विदेश राज्यमंत्री परणीत कौर और कांग्रेस उपासध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे।

सरबजीत का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
इस दौरान आज सरबजीत की बहन, बेटियां और पत्नी का रो रोकर बुरा हाल था। आंखों में आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। देर रात पंजाब के भिखिविंड गांव में जब सरबजीत का शव उसके घर पहुंचा तो हर तरफ मातम का शोर सुनाई देने लगा था। तिरंगे में लिपटे सरबजीत का शव देख उनकी पत्नी सुखप्रीत कौर अपना सिर पीटने लगी थी। रो रोकर बेहाल सरबजीत की दोनों बेटियां बदहवास हो गईं थी।
पंजाब सरकार ने सरबजीत को शहीद का दर्जा दिया है। और तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस बीच सरबजीत के गांव में नेताओं का जमावड़ा लगा। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए सभी पार्टियों के बड़े नेता भिखिविंड पहुंचे।

रेलमंत्री पवन बंसल की पीएम के सामने इस्तीफे की पेशकश

रेल घूस कांड में अपने भांजे की गिरफ्तारी के बाद संदेह के घेरे में आए रेलमंत्री पवन बंसल ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। बंसल ने दोपहर करीब एक बजे प्रधानमंत्री से मुलाकात की और इस्तीफे की पेशकश की। उनके इस्तीफे पर अभी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ओर से कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
दोपहर को पवन बंसल ने 7 रेसकोर्स जाकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की। मुलाकात के बाद वे मीडिया से बात किए बिना चले गए लेकिन सूत्रों के मुताबिक उन्होंने पीएम से कहा कि वे निर्दोष हैं लेकिन विपक्ष इसे जिस तरह से मुद्दा बना रहा है, वे सरकार के लिए कोई मुसीबत की वजह नहीं बनना चाहते इसलिए अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
रेलमंत्री पवन बंसल की पीएम के सामने इस्तीफे की पेशकश
गौरतलब है कि पवन बंसल के भांजे विजय सिंगला को सीबीआई ने बीती रात गिरफ्तार किया था। उनपर रेलवे बोर्ड के सदस्य महेश कुमार से प्रमोशन के लिए 90 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। खुद महेश कुमार को भी सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा इस केस में चार अऩ्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मामले के सामने आते ही विपक्ष के साथ-साथ सरकार को बाहर से समर्थन दे रही पार्टियों ने भी पवन बंसल के इस्तीफे की मांग की थी। सुबह पवन बंसल की ओर से सफाई आई कि वे अपने भांजे द्वारा किए गए किसी कार्य के लिए जिम्मेदार नहीं हैं और न ही उनके रिश्तेदारों का उनके किसी काम में कोई दखल रहता है।

पाक कैदी की हालत नाजुक, पाक अफसरों ने की मुलाकात

चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह से पाकिस्तान के अधिकरियों ने शनिवार को मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने इस बात की जानकारी देते हुए ट्विटर पर लिखा कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने घायल कैदी सनाउल्लाह रंजय से मुलाकात की। उन्होंने चंडीगढ़ के अस्पताल में कैदी की देखभाल कर रहे डॉक्टरों से भी बातचीत की।
जम्मू की कोट बलवाल जेल में सजा काट रहा पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह रंजय शुक्रवार को एक अन्य भारतीय कैदी द्वारा हमले में गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। इसके बाद पाकिस्तान ने उसे तुरंत रिहा किए जाने व उसके देश भेजे जाने की मांग की।
पाक कैदी की हालत नाजुक, पाक अफसरों ने की मुलाकात
शुक्रवार की सुबह एक कैदी से तकरार हो जाने पर हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गौरतलब है कि घटना भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की पाकिस्तान में हुई मौत के ठीक अगले दिन घटी। सरबजीत पर पाकिस्तान की जेल में जानलेवा हमला हुआ था जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को भारत ने पाकिस्तान के तीन अधिकारियों को चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में भर्ती सनाउल्लाह रंजय से मिलने की अनुमति दी।

सड़क हादसे में जख्मी हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव उस समय घायल हो गए जब शुक्रवार की देर रात उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में वाहन का शीशा टूट गया और लालू के सिर व चेहरे पर चोट आई है। घायल अवस्था में उन्हें पटना के एक नर्सिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो घंटे उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद लालू ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि वह जहानाबद से लौटने के बाद अगलगी की घटना के पीड़ितों से मिलने के लिए राघोपुर जा रहे थे तभी कच्ची दरगाह के पास बने पीपा पुल के नजदीक गड्ढे में उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और वाहन का शीशा टूट गया।
वाहन में आगे बैठे होने की वजह से शीशे से उन्हें सिर और चेहरे पर चोट लगी। उन्होंने इस दुर्घटना के पीछे साजिश की आशंका भी जताई है। राजद के एक नेता के मुताबिक घायल अवस्था में उन्हें पटना के एक निजी नर्सिग होम में भर्ती कराया गया, जहां दो घंटे के इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के मुताबिक सिर में शीशे का टुकड़ा लगने से उन्हें चोट लगी। चिकत्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।
सड़क हादसे में जख्मी हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव