Friday, March 1, 2013

सबकी जुबान पर मोदी, पीएम उम्मीदवार बनाने की मांग तेज

दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंच चुके हैं।बैठक में में लोकसभा के चुनाव से पहले रणनीति पर चर्चा होगी। लेकिन इससे पहले कल हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर मोदी के नाम की गूंज के बाद ऐसा माना जा रहा है कि परिषद की बैठक में भी मोदी को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग उठेगी।
बैठक के बाहर बीजेपी के कई नेता भी प्रधानमंत्री पद के लिए मोदी के नाम की वकालत करते दिख रहे हैं। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मोदी के नाम का समर्थन किया। बीजेपी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि आज की बैठक में देश के अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस बैठक में सुशासन की रणनीति पर चर्चा हो रही है।\
कल दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मोदी के काम की जमकर तारीफ की तो बैठक के बाहर कई नेताओं ने मोदी को आगे करने की मांग बुलंद की। शुक्रवार को बीजेपी की तीन दिन की बैठक शुरू हुई। पहले दिन हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के एजेंडे में केंद्र की यूपीए सरकार को घेरने और 2014 में पार्टी को केंद्र की सत्ता पर कब्जा करने पर रणनीति बनाना था।
लेकिन बैठक के अंदर और बाहर गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी ही छाए रहे। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने तीन बार नरेंद्र मोदी के शासन को सुशासन और विकास का मॉडल बताते हुए तारीफ की, तालियां हर बार बजीं, अध्यक्ष की इस बात को पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने मीडिया के सामने रखा।
अंदर मोदी के नाम की गूंज थी तो बाहर नेताओं ने कहा कि मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया जाए तो 2014 में सत्ता में वापसी आसान हो सकती है। लेकिन सवाल सहयोगी दलों के विरोध का है। लेकिन बिहार के बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मोदी विरोध का कोई रास्ता निकाल लिया जाएगा। वैसे, बीजेपी के बड़े नेताओं की भी ये राय बन रही है कि मोदी को आगे किया जाए तो पार्टी को फायदा होगा।
संघ प्रमुख मोहन भागवत भी इस बारे में सहमति दे चुके हैं। लेकिन मोदी के करीबियों के मुताबिक मोदी फिलहाल इस वक्त खुद को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित करने पर जोर नहीं दे रहे हैं। क्योंकि ऐसा करने से कर्नाटक समेत कुछ राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में वोटों का ध्रुवीकरण हो सकता है। बहरहाल सबकी नजर शनिवार और रविवार को होने जा रही बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक पर है। परिषद में 4000 से ज्यादा सदस्य है। कहा जा रहा है कि दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाली इस बैठक में मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग जोर-शोर से उठ सकती है।


टाइटेनिक का अधूरा सफर पूरा करेगा टाइटेनिक-II

दरअसल चीन के नानजिंग मे स्थित जिनलिंग शिपयार्ड ने एक अरबपति ऑस्ट्रेलियाई कारोबारी क्लाइव पाल्मर से एक समझौता किया है जिसके तहत वे दोनों मिलकर ऐतिहासिक टाइटेनिक की प्रतिकृति का निर्माण करेंगे जो सिर्फ एक मॉडल नहीं होगा।
यह प्रतिकृति 2016 तक तैयार हो जाएगी। यह पुरानी टाइटेनिक की तरह समुद्री सफर के काबिल होगी और उसकी अधूरी यात्रा को पूरा करेगी। 
टाइटेनिक की तरह बनाया जाने वाला यह आलीशान जहाज 270 मीटर लंबा, 53 मीटर ऊंचा होगा और इसके नौ मंजिलों पर कुल 840 कमरे बनाए जाएंगे। इस पर 2400 यात्री और चालक दल के 900 सदस्य एक साथ सफर पर निकलेंगे।
टाइटेनिक की प्रतिकृति का डिजाइन पूरी तरह असली टाइटेनिक जैसा है। इस डिजाइन को नार्वे की डेल्टामार्टिन कंपनी सहित अन्य प्रसिद्ध कंपनियां बना रही हैं। शिपयार्ड के प्रवक्ता के मुताबिक उन्नत तकनीक से लैस इस जहाज में अत्याधुनिक जीवन रक्षक और संचार प्रणाली रहेगी।
चीनी शिपयार्ड के निदेशक जी बिआओ के मुताबिक असली टाइटेनिक के भव्य भोजनकक्ष की नकल बनाना बेहद मुश्किल है लेकिन जिनलिंग ने अपने 60 साल के इतिहास में कई तरह के उच्चस्तरीय जहाजों का निर्माण किया है।
अप्रैल 19।2 में ब्रिटेन के साउथैंपटन से अमेरिका के न्यूयार्क शहर जाते समय अटलांटिक महासागर में एक हिमखंड से टकराकर टाइटेनिक ध्वस्त हो गई थी। इस हादसे में 200 से अधिक लोग मारे गए थे और 1500 से अधिक लापता हो गये थे।


अब उन्मुक्त चंद भी पेप्सी ब्रिगेड में हुए शामिल

दिल्ली के बल्लेबाज उन्मुक्त चंद को पेप्सी ने अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। उन्मुक्त की कप्तानी में भारत ने 2012 में अंडर-19 विश्व कप पर कब्जा किया था और अब वह इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे।
जल्द ही पेप्सी का एक नया विज्ञापन आने वाला है, जिसमें 19 साल के उन्मुक्त भारतीय टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी, विराट कोहली और सुरेश रैना के साथ नजर आएंगे। पेप्सीको इंडिया के वरिष्ठ निदेशक होमी बाट्टीवाला ने बताया कि हम उन्मुक्त चंद के साथ जुड़कर गर्व महसूस कर रहे हैं। वह भारतीय टीम का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्सुक हैं और वह अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
पेप्सी से करार के बाद उन्मुक्त ने कहा कि मैं पेप्सी का विज्ञापन करने वाले असाधारण खिलाड़ियों और युवाओं की श्रेणी में शामिल होने के बाद गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं और भविष्य के शानदार सफर के बारे में सोच रहा हूं।

बांग्लादेश की सड़कों पर 71 के मुक्ति संग्राम जैसे हालात

भारत का पड़ोसी देश बांग्लादेश जल रहा है। हालात कुछ-कुछ 71 के मुक्ति संग्राम जैसे ही हैं। 1971 के मुक्ति संग्राम में इस्लामी कट्टरपंथी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के सदस्यों ने आंदोलन के दमन में तत्कालीन पाकिस्तानी हुकूमत की मदद की। लेकिन राजनीतिक कारणों से इसके नेता अब तक बचते आ रहे थे। अब नई पीढ़ी इन्हें सजा ए मौत दिलाने पर आमादा है जिसके लिए ढाका में शाहबाग मूवमेंट चल रहा है।
बांग्लादेश में एक बार फिर बदलाव की बयार बह रही है। फरवरी में ढाका का शाहबाग चौक तहरीर स्क्वायर बन गया। नौजवानों की ऊर्जा और गुस्से ने इस इलाके को प्रोजोन्मो छॉतोर करार दिया। प्रोजोन्मो छातोर यानि नई पीढ़ी का चौराहा।
इस चौक में वो युवा पीढ़ी उमड़ती रही जिसमें आक्रोश है उन अपराधों को लेकर जिन्हें उनके जन्म से भी पहले 1971 के मुक्ति संग्राम में अंजाम दिया गया। पाकिस्तान से बांग्लादेश की आजादी इसी मुक्ति संग्राम की देन थी। लेकिन इस मुक्ति संग्राम के दौरान कुछ घर के भेदिए भी थे जिन्होंने पाकिस्तानी फौज का साथ दिया। जमात ए इस्लामी को उन्हीं कट्टरपंथी संगठनों में से एक माना जाता है। लोगों का ये गुस्सा तब और भड़क उठा जब इस मूवमेंट से जुड़े एक ब्लॉगर राजीव हैदर का घर लौटते हुए कत्ल कर दिया गया। लोगों ने जमात के नेताओं को सजा देने की मांग और तेज कर दी।
पाकिस्तान सांप्रदायिक कारणों से वजूद में आया लेकिन पश्चिमी और पूर्वी पाकिस्तान के बीच भौगोलिक ही नहीं सांस्कृतिक फासला भी बड़ा था। पूर्वी पाकिस्तान को अपनी तहजीब और बांग्ला जुबान पर गर्व था। यही बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम की जड़ बना लेकिन कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी के नेता अपने सांप्रदायिक रुझान के चलते पश्चिमी पाकिस्तान की फौज के साथ हो लिए। जहां मुजीबुर्रहमान की अगुवाई में मुक्ति वाहिनी लड़ रही थी तो, पाकिस्तान फौज के समर्थन से जमाते इस्लामी के रजाकार। आजादी की इस लड़ाई को दबाने के लिए लगभग 30 लाख लोग मौत के घाट उतारे गए और 2 लाख महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया।
वैसे इन विरोध-प्रदर्शनों के पीछे राजनीति भी है। बांग्लादेश में इसी साल आम चुनाव भी होने वाले हैं। जमात ए इस्लामी का आरोप है कि शाहबाग मूवमेंट को सत्तारूढ़ शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग का समर्थन हासिल है। दूसरी ओर बेगम खालिदा जिया की बीएनपी पर्दे के पीछे से जमात ए इस्लामी के साथ है। लेकिन अगर बांग्लादेशी राष्ट्रवाद के नाम पर ध्रुवीकरण हुआ तो वो शेख हसीना के लिए फायदेमंद साबित होगा। फिलहाल तो हिंसा पर आमादा कट्टरपंथी संगठन जमात-ए-इस्लामी है तो दूसरी तरफ वो नौजवान जो शाहबाग चौक से युद्ध अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए ललकार रहे हैं।