Friday, October 5, 2012

इलाहाबाद हाईकोर्ट बनेगा पहला ई-कोर्ट: खुर्शीद

केन्द्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट देश का पहला ई-कोर्ट (पेपरलेस) कोर्ट होगा। उन्होंने इस कार्य के लिए बार एवं बेंच का सहयोग मांगा है।
खुर्शीद ने न्यायाधीशों की नियुक्ति और आवासीय व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराने की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया। खुर्शीद ने उक्त विचार हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा उनके सम्मान में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। 
कानून मंत्री ने अधिवक्ता जी एन वर्मा, वी पी मिश्र व अन्य के चित्र का अनावरण किया। उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं के निवारण के हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। मंत्री का स्वागत करते हुए अध्यक्ष बी पी श्रीवास्तव ने लंबित मुकदमों की भारी संख्या को देखते हुए न्यायाधीशों की नियुक्ति की मांग को देखते हुए न्यायाधीशों की नियुक्ति की मांग की और कहा कि जजों व वकीलों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

अब सभी ट्रेनों की अपडेट जानकारियां वेबसाइट पर

देशभर में दौड़ रही सभी ट्रेनों की सही स्थिति की जानकारी अब वेबसाइट और एसएमएस से भी प्राप्त हो सकेगी। रेलमंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार सभी रेलगाड़ियों की जानकारी डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट ट्रेन इंक्यायरी डॉट कॉम पर प्राप्त हो सकेगी।
इसी प्रकार 139 पर एसएमएस कर जानकारी मिल सकेंगी इसके लिये पहले स्पोट टाइप कर 139 को भेजना होगा। 
गौरतलब है कि अभी तक 36 चयनित प्रमुख रेलगाड़ियों की जानकारी ही वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट सिमरन डॉट इन और 9415 139139 पर एसएमएस भेजकर मिल पाती थी। अब सभी चलती रेलगाड़ियों की जानकारी मिल सकेगी। 

मोदी का सोनिया पर व्यंग्य बाण, कहा-जीत के दिखाओ

गुजरात में चुनाव संग्राम की शुरुआत हो चुकी है। गुजरात की लड़ाई पूरी तरह से सीएम नरेंद्र मोदी बनाम यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के बीच होती दिखाई दे रही है। बुधवार को राजकोट आईं सोनिया ने बीजेपी सरकार पर हमला किया लेकिन सीएम मोदी का नाम तक नहीं लिया। सोनिया के हमले पर पलटवार करते हुए मोदी ने आज दाहोद रैली में सोनिया के भाषण को अखबारों में प्रकाशित न हो सकने पर चुटकी लेते हुए कहा कि राजकोट की सारी सीटें बीजेपी ही जीतकर ले जाएगी।
बता दें कि बुधवार को सोनिया ने गुजरात के विकास के दावों को धता बताते हुए कई समस्याओं पर राज्य सरकार को निशाने पर लिया था। अब मोदी ने हमलावर रुख अपनाते हुए कहा कि 2009 में जीतकर आए यूपीए 2 ने 100 दिन में महंगाई खत्म करने का वादा किया था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। मोदी एक खास रणनीति के तहत काम करते दिखाई दे रहे हैं।
इसी पर मोदी ने केंद्र को उस वादे की याद दिलाई जिसमें एक करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात की गई थी। मोदी ने कांग्रेस को वो दिन भी याद दिलाया जब पिछले विधानसभा चुनाव में 2007 के विधानसभा चुनाव में छोटा उदयपुर की सीट से कांग्रेस हार गई थी।

नोबल शांति पुरस्कार के लिए सोनिया के नाम की सिफारिश

साल 2012 के नोबल शांति पुरस्कार के लिए कांग्रेस एवं संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम की सिफारिश की गई है।
इंटरनेशनल अवेकनिंग सेंटर ने सोनिया गांधी का नाम लगातार नौंवी बार नोबल शांति पुरस्कार से संबंधित समिति की स्वीकृत सूची में शामिल करने के लिए भेजा है।
 संगठन ने अपने सिफारिशी पत्र सोनिया गांधी विश्व शांति की पुजारी और एक महान सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए उन्हें नोबल पुरस्कार से सम्मानित करने का अनुरोध किया है।