Saturday, September 1, 2012

MLA के बेटे को 25 रुपये महीने पर मिली करोड़ों की भूमि

यूपी के शहर अमरोहा में एक ऐसा घोटाला सामने आया है जिसके बारे में जानकर आप दंग रह जाएंगे। यूं तो सत्ताधारी बीएसपी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी में छत्तीस का आंकडा़ है, लेकिन इस शहर में नजारा कुछ और है। यहां समाजवादी पार्टी के एक दबंग विधायक के बेटे को करोड़ों की सरकारी जमीन कौड़ियों के भाव दे दी गई। इस जमीन पर शहर का कूड़ा डाला जाता था। जिस नगर पालिका परिषद की ओर से ये जमीन 25 रुपये महीने की लीज पर दी गई, उसके अध्यक्ष एक बीएसपी नेता हैं। जिला प्रशासन ने भी मामले पर चुप्पी साध ली है।
नगरपालिका की इस बीस बीघा जमीन का खसरा नंबर 5826 है। सरकार के राजस्व रिकार्ड में साफ है कि इस जमीन पर शहर का कूड़ा और खाद डाली जाएगी और ये सरकारी सार्वजनिक सम्पत्ति है। यूं तो जमीन का लैंड यूज बदले बगैर ये किसी को दी नहीं जा सकती, लेकिन बीएसपी नेता और नगर पालिका अध्यक्ष हाजी इकरार ना जाने क्यों समाजवादी पार्टी के दबंग विधायक महबूब अली के बेटे शाहनवाज पर मेहरबान हैं जिसके नाम पर ये जमीन आवंटित कर दी गई। सिर्फ 25 रुपये महीने पर।
लैंड यूज बदलने का अधिकार सिर्फ सरकार को होता है। वो भी तब जब शहर के विकास या अन्य आवश्यक आपूर्ति के लिए किसी जमीन के इस्तेमाल की जरूरत पड़े। जिले से प्रस्ताव पारित होकर सरकार को भेजा जाता है। वो पास होता है तो फिर जमीन हस्तांतरित की जाती है। लेकिन अमरोहा में ये सब नहीं किया गया। नगर पालिका परिषद अमरोहा ने 29 मई 2010 को ये जमीन शाहनवाज के नाम हस्तांतरित कर दी।
इस खेल का पता तब चला जब इस जमीन पर पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य शुरू हुआ। पेट्रोल पंप करीब 2 हजार गज पर बन रहा है जिसके लिए विधायक के बेटे को भारत पेट्रोलियम पांच सौ रुपये महीना किराया देगा। किराये का करार तीस साल के लिए हुआ है। नगर पालिका कर्मचारियों ने इसे रजिस्ट्री कार्यालय में सत्यापति भी कर दिया है। इस मामले में जब नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बी डी भट्ट से दफ्तर में सम्पर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने मिलने से ही मना कर दिया। वहीं, जिलाधिकारी कार्यालय की भूमिका भी जांच के घेरे में है। डीएम अभय कुमार कह रहे हैं कि वे मामले की तस्दीक करेंगे।
उधर, नगर पालिका चेयरमैन हाजी इकरार ने भी चुप्पी साध ली है। जिस दिन से ये मामला चर्चा में आया है, उस दिन से वे दफ्तर ही नहीं आए। फोन पर भी बात करने को तैयार नहीं। दूसरी ओर कांग्रेस इसे मुद्दा बनाने की तैयारी कर रही है।
इस मामले के खुलासे से विधायक महबूब अली खासे खफा हैं। वे मीडिया का नाम सुनते ही भड़क जाते हैं। उन पर 14 मुकदमे दर्ज हैं और वो हमेशा से विवादों में रहे हैं। सीएनएन आईबीएन के एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद मुलायम सरकार में उनकी मंत्री पद से छुट्टी हो गई थी। लेकिन बीएसपी सरकार में भी उनका रुतबा बना हुआ है। ये उनके दबदबे का सबूत ही है कि नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों की जमीन मात्र 25 रुपये महीने किराये पर उन्हें दे दी गई।


बादल ने अमेरिकी अदालत से 90 दिनों की मोहलत मांगी

अमेरिका की एक अदालत के समन का जवाब देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपने खिलाफ दायर मानवाधिकार उल्लंघन के मामले का बचाव करने के लिए 90 दिनों की अतिरिक्त मोहलत मांगी है।
सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने अपनी कानूनी याचिका में बादल पर उन पुलिस अफसरों का बचाव करने का आरोप लगाया है, जो पंजाब में सिख समुदाय के खिलाफ प्रताड़ना, हत्याएं और मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जिम्मेदार रहे हैं।
मालूम हो कि एसएफजे की शिकायत पर विस्कॉन्सिन पूर्वी जिले की जिला अदालत ने बादल के खिलाफ आठ अगस्त को समन जारी किया था। बादल उस समय एक व्यापारी की बेटी के विवाह समारोह में हिस्सा लेने के लिए विस्कॉन्सिन के निजी दौरे पर थे।

सहारा को लौटाने होंगे निवेशकों को 17000 करोड़ रुपए

सुप्रीम कोर्ट ने सहारा ग्रुप को तगड़ा झटका देते हुए निवेशकों को ब्याज समेत 17000 करोड़ रुपये लौटाने को कहा है। कोर्ट ने पैसे लौटाने के लिए सहारा इंडिया रियल एस्टेट और सहारा हाउसिंग इंवेस्टमेंट कॉरपोरेशन को 3 महीने का वक्त दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने सहारा ग्रुप को पूरे पैसे किसी राष्ट्रीय बैंक में जमा कराने का निर्देश दिया है। साथ ही, कंपनी को 10 दिन में निवेशकों की सूची सेबी को देनी होगी। 
पैसा निवेशकों को वापस मिला है कि नहीं इस पर सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज बी एन अग्रवाल नजर रखेंगे। कोर्ट ने सेबी को सहारा इंडिया रियल एस्टेट और सहारा हाउसिंग इंवेस्टमेंट कॉरपोरेशन की जांच करने के भी आदेश दिए हैं।
सहारा ग्रुप की दोनों कंपनियों ने 2008-09 में ऑप्शनी फुली कंवर्टिबल डिबेंचर्स के जरिए बाजार से पैसे जुटाए थे। सेबी ने नियमों के उल्लंघन की वजह से दोनों कंपनियों को पैसा लौटाने के लिए कहा था। साथ ही, ओएफसीडी के जरिए और पैसा जुटाने पर रोक लगाई थी।
सेबी के आदेश के खिलाफ सहारा ग्रुप ने इलाहबाद हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इलाहबाद हाई कोर्ट के सेबी के पक्ष में फैसला सुनाए जाने पर सहारा ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने सिक्योरिटीज एपैलेट ट्राइब्यूनल को मामला सौंपा था। एसएटी ने सहारा को 15 फीसदी के ब्याज के साथ पैसा लौटाने का निर्देश दिया था। फैसले के खिलाफ कंपनी ने फिर से सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी।

मोबाइल रेडिएशनः नए नियम

सरकार ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए मोबाइल फोन और मोबाइल टावर के लिए नए सुरक्षा मानक तय किए हैं। ये नियम आज से लागू हो गए हैं। सरकार का दावा है कि इससे मोबाइल फोन और मोबाइल टावर से निकलने वाले खतरनाक रेडिSशन का असर कम किया जा सकेगा।
भारत में 90 करोड़ लोग मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं। मोबाइल फोन सेट को सिग्नल मुहैया कराने के लिए जगह-जगह मोबाइल टावर खड़े किए गए हैं। लेकिन जानकारों का कहना है कि ये दोनों ही चीजें इंसान की सेहत के लिए खतरनाक हैं। मोबाइल फोन और टावर से निकलने वाली तरंगों से कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी हो सकती है। इसलिए सरकार ने इन उपकरणों को चलाने के लिए नए नियम बनाए हैं। नए कानून के मुताबिक
- हर मोबाइल फोन का एसएआर यानी स्पेसिफिक एब्जार्प्शन रेट लेवल 1.6 वाट प्रति किलोग्राम, प्रति एक ग्राम मानव टिशू होगा। 
- पहले ये मानक 2 वाट प्रति किलोग्राम प्रति एक ग्राम मानव टिशू था।
- हर मोबाइल फोन पर ये मानक लिखा होगा। 
- ये नियम एक सितंबर 2012 से लागू होगा।
- यानी एक सितंबर 2012 के बाद बनने वाले सभी मोबाइल हैंडसेटों के लिए ये मानक लागू होगा।
- इससे पहले के बने सभी मोबाइल हैंडसेट नए नियम से बरी होंगे।
- मोबाइल फोन कंपनियां एक साल के अंदर पुराने हैंडसेटों को खपा देंगी।
- जो उपभोक्ता पूराने फोन खरीद चुके हैं उन पर नया नियम लागू नहीं होगा।
कुछ ऐसा ही नियम मोबाइल टावर के लिए बनाया गया। नए नियम के मुताबिक
- मोबाइल टावरों से निकलने वाले रेडियेशन के मौजूदा मानक के दसवें हिस्से के बराबर कटौती और करनी होगी।
- नियम न मानने वालों पर 5 लाख रुपया प्रति टावर जुर्माना होगा।
- हालंकि सरकार का कहना है कि 95 फीसदी टावर नए मानक पर खरे उतरते हैं।
कानून तो बना दिए गए। लेकिन सवाल ये भी है कि इस नियम को लागू करने के लिए क्या सख्ती बरती जाती है। खुद सरकार का मानना है कि लाखों की तादाद में मौजूद मोबाइल टावर की जांच करने के लिए संसाधन नहीं हैं। सरकार सिर्फ औचक जांच से ही कर पाएगी। ऐसे में सवाल ये है कि नया नियम कितना कारगर होगा।