Monday, June 3, 2013

मीटिंग से पहले श्रीनिवासन ने कैसे उड़ाए चौके-छक्के!

बीसीसआई की बैठक में जो कुछ हुआ, उसकी तैयारी श्रीनिवासन ने शनिवार रात से ही शुरू कर दी थी। उन्होंने रात में ही अपने करीबियों को जगमोहन डालमिया से मिलने भेज दिया था। रविवार को बैठक से पहले भी श्रीनिवासन ने खुद दो घंटे तक डालमिया से बात की। इसके बाद वही हुआ जो श्रीनिवासन चाहते थे। भारतीय क्रिकेट को कंट्रोल करने वाले श्रीनिवासन ने बीसीसीआई की आपात बैठक का नतीजा खुद ही तय किया। दिल्ली में बैठे अरुण जेटली, राजीव शुक्ला और अनुराग ठाकुर दावे तो करते रहे लेकिन किया कुछ नहीं। दरअसल आपात बैठक शुरू होने से घंटों पहले शनिवार देर रात से ही श्रीनिवासन और उनके सहयोगियों ने अपने पक्ष में बैटिंग करनी शुरू कर दी।
सूत्रों की मानें तो श्रीनिवासन का पहला दांव शनिवार रात को ही श्रीनिवासन के करीबी बैठक में हिस्सा लेने चेन्नई पहुंचे जगमोहन डालमिया से मिले। डालमिया को इसी वक्त अंतरिम अध्यक्ष पद का वायदा करके अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई। श्रीनिवासन की ये कोशिशें देख विरोधी खेमे ने भी ताकत लगानी शुरू कर दी। उन्हें संदेश पहुंचाया गया कि आपको बिना शर्त जांच के रास्ते से हटना ही होगा। ध्यान दीजिए सीधे इस्तीफा मांगने की हिम्मत विरोधी खेमा तब भी नहीं जुटा पा रहा था। इसकी भी एक बड़ी वजह थी। दरअसल विरोधी खेमा ये तय ही नहीं कर पा रहा था कि आखिर श्रीनिवासन के बाद किसके नाम पर जोर लगाया जाए।
चुनावी साल में अरुण जेटली खुद सीधे सीधे इस लड़ाई में नहीं कूदना चाहते थे। जिस शशांक मनोहर के नाम पर थोड़ी बहुत सहमति बन रही थी वो खुद ही पीछे हट गए थे। अपने पत्ते कमजोर पड़ते देख जेटली गुट ने एक कदम और पीछे खींचा। सुबह के करीब 9 बजे ये तय हो गया कि ना तो जेटली, ना ही शुक्ला और ना ही ठाकुर बैठक में शामिल होने के लिए चेन्नई जाएंगे। तीनों ने ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए श्रीनिवासन का सामना करना बेहतर समझा। जेटली गुट को कमजोर पड़ता देख श्रीनिवासन ने अपना अगला दांव चल दिया। शनिवार तक श्रीनिवासन अड़े हुए थे कि इस्तीफा देने के बाद ना तो सचिव संजय जगदाले और ना ही कोषाध्यक्ष अजय शिर्के को बैठक में शामिल किया जाए।
पढ़ें:मीटिंग से पहले श्रीनिवासन ने कैसे उड़ाए चौके-छक्के!
लेकिन मीटिंग में शिर्के को बुलाया। जगदाले को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ने का न्यौता भेजा गया। लेकिन, जगदाले ने पहले ही साफ कर दिया कि वो किसी भी कीमत पर मीटिंग में शामिल नहीं होंगे। सुबह करीब 10 बजते-बजते ये तय हो गया था कि दोपहर ढाई बजे से होने वाली बैठक में श्रीनिवासन का पलड़ा भारी ही रहेगा। ज्यादातर विरोधी या तो बैठक से ही दूर थे या फिर चेन्नई ही नहीं आए थे। इसके बाद करीब 11 बजे सभी को चौंकाते हुए श्रीनिवासन उस होटल पहुंच गए जहां बीसीसीआई की आपात बैठक होनी थी। बाकी पदाधिकारियों से साढ़े तीन घंटे पहले होटल पहुंचकर श्रीनिवासन ने मोर्चा संभाल लिया।
चेन्नई पहुंचे हुए बाकी एसोसिएशन के अफसरों से एक बार फिर संपर्क साधा गया। उन्हें श्रीनिवासन के पक्ष में करने की कोशिश की गई। श्रीनिवासन का दूसरा दांव, सूत्रों की मानें तो डालमिया और श्रीनिवासन के बीच करीब 2 घंटे तक तक बातचीत हुई। इस बातचीत के दौरान 5 से 6 क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य भी वहीं मौजूद थे। अबतक खुलकर श्रीनिवासन का इस्तीफा मांग रहे हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के जी विनोद और ईस्ट जोन के चित्रक मित्रा दोनों ही श्रीनिवासन के पक्ष में खड़े हो गए।
श्रीनिवासन गुट की ये कामयाबी देख दिल्ली में खलबली मच गई। जेटली गुट ने एक बार फिर श्रीनिवासन पर दबाव बढ़ाना शुरू किया। कहा गया कि अगर श्रीनिवासन अपनी जिद पर अड़े रहेंगे तो इस्तीफों का अगला दौर मीटिंग के दौरान ही शुरू हो जाएगा। ये भी इशारा किया गया कि नियमों के मुताबिक बीसीसीआई में जिम्मेदारी छोड़ने जैसी कोई चीज नहीं, श्रीनिवासन को हटना ही होगा। विरोधी गुट के इन तेवरों को देख श्रीनिवासन और उनके करीबी थोड़ी देर के लिए सही बैकफुट पर आते नजर आए। दोपहर 12 बजे तक इन अटकलों ने जोर पकड़ लिया कि श्रीनिवासन बिना शर्त इस्तीफा दे सकते हैं। तमाम अटकलों के बीच करीब 45 मिनट बाद तस्वीर थोड़ी-थोड़ी साफ होनी शुरू हुई।
नार्थ जोन और वेस्ट जोन सीधे तौर पर श्रीनिवासन के खिलाफ खड़े हो गए। इसमें मुंबई, विदर्भ, सौराष्ट्र, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और यूपी के वोट शामिल थे। दूसरा कैंप पूर्वी और दक्षिणी जोन श्रीनिवासन के पक्ष में नजर आने लगे। इसमें तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के वोट शामिल थे। सूत्रों की मानें तो इसके बाद श्रीनिवासन ने अपने दो धुर विरोधियों को पक्ष में करने की कोशिश शुरू की। ये दो लोग थे मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के रवि सावंत और विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन के सुधीर डबीर । दोनों से श्रीनिवासन ने खुद बातचीत की। इस वक्त तक दोपहर के डेढ़ बज चुके थे। एक घंटे बाद ही बैठक शुरू होने जा रही थी। लेकिन पिछले 12 में सभी लोगों से बातचीत के बाद श्रीनिवासन को ये एहसास हो गया था कि इस्तीफा देने की जरूरत नहीं। डालमिया का साथ मिलने के बाद श्रीनिवासन की ताकत बढ़ी और यही बैठक के नतीजे में भी झलका।
बीसीसीआई की आज की बैठक से पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी भी खासे भड़के हुए हैं। उन्होंने ट्वीट किया है कि क्रिकेट हमारे देश में धर्म है। लेकिन इसे श्रीनिवासन,शुक्ला, जेटली और ठाकुर जैसे लालची लोगों ने हाईजैक कर लिया है। ये देश और क्रिकेट प्रेमियों के साथ धोखा है। क्रिकेट में ये अब तक का सबसे बड़ा कवरअप है। श्रीनिवासन, जेटली और शुक्ला मिलकर साजिश रच रहे हैं। क्रिकेट को अब भगवान ही बचा सकता है।

प्रदर्शन से डरे अखिलेश! दौरे से पहले नेताओं की धरपकड़

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज गाजियाबाद और नोएडा के दौरे पर हैं। दौरे से पहले हंगामे आशंका के चलते करीब दर्जन व्यापारियों के घर पर छापेमारी की गई। कांग्रेस के पूर्व राज्य मंत्री सतीश शर्मा समेत करीब दर्जन भर व्यापारियों और नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। इन्होंने चेतावनी दी थी कि सात लोगों के मर्डर मामले में ये लोग मुख्यमंत्री से जांच की मांग कर सकते है और हंगामा भी कर सकते है।
यूपी के मुखिया अखिलेश यादव का आज यानि सोमवार को गाजियाबाद में चुनाव के समय किए गए वायदे के तहत छात्र-छात्रों को फ्री लैपटॉप बांटने का कार्यक्रम है। इसके अलावा भी अखिलेश दूसरी योजनाओं की शुरूआत करेंगे।
प्रदर्शन से डरे अखिलेश! दौरे से पहले नेताओं की धरपकड़
अखिलेश के गाजियाबाद और नोयडा में आने की सूचना पर विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने उन्हें कानून व्यवस्था पर घेरने की तैयारी की थी। अखिलेश के कार्यक्रम में हंगामे की आशंका के चलते पुलिस ने करीब दर्जनभर व्यापारियों को गिरफ्तार कर लिया।

मरने से पहले पूछती रही 'प्रीति', क्या पकड़ा गया मेरा मुजरिम?

तेजाब की जलन से पिछले एक महीने में हर रोज जलती प्रीति घरवालों से बस एक ही सवाल करती थी। आखिर किसने मेरा ये हाल किया, मेरा क्या कसूर था। बार-बार वो ये पूछती थी कि क्या पकड़ा गया मेरा मुजरिम। लेकिन पकड़ा जाना तो दूर, आज तक केस की जांच कर रही जीआरपी को उसके मुजरिम की हवा तक नहीं लगी है। वहीं घरवाले प्रीति के इलाज में हुई लापरवाही पर भी अब सवाल खड़े कर रहे हैं।
मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर 2 मई को एसिड अटैक का शिकार हुई प्रीति राठी एक महीने तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद आखिरकार हजारों सवालों के साथ इस दुनिया से चली गई। 2 मई को गरीब रथ ट्रेन से मुंबई आई प्रीति पर स्टेशन पर उतरते ही एक अनजान शख्स ने तेजाब फेंक दिया था। इसके बाद पहले उसे भायखला के मसीना अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके बाद 18 मई को बॉम्बे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था।
मरने से पहले पूछती रही 'प्रीति', क्या पकड़ा गया मेरा मुजरिम?
आरोप है कि शुरू में प्रीति के इलाज में की गई लापरवाही उसके लिए जानलेवा साबित हुई। उसके पूरे शरीर में इंफेक्शन हो गया। उसके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया। फिर एक-एक करके दूसरे अंगों ने। शनिवार सुबह से ही प्रीति का ब्लड प्रेशर काफी ज्यादा कम हो गया था।. उसकी हृदय गति बनाए रखने के लिए उसे इलेक्ट्रिक शॉक भी दिए गए, लेकिन सारी कोशिशों के बावजूद आखिरकार शनिवार दोपहर प्रीति ने दम तोड़ दिया। प्रीति 12 दिनों तक बॉम्बे हॉस्पिटल में एडमिट रही, लेकिन इस बीच उसका एक भी ऑपरेशन नहीं किया गया। अब डॉक्टर सफाई दे रहे हैं कि उसका शरीर बेहद कमजोर था जिस वजह से सर्जरी नहीं की गई।
इस केस में बांद्रा जीआरपी पर परिवार वाले आरोप लगा रहे हैं कि उसने जांच ठीक से नहीं की। केस में पुलिस 9 मई को संदेह के आधार पर दो लड़कों को गिरफ्तार कर मुंबई लाई थी। लेकिन घरवालों ने उसे गलत बताते हुए जीआरपी की कहानी को न सिर्फ झुठलाया बल्कि पुलिस जांच पर नाराजगी जताई। इसके बाद प्रीति के पिता अमर सिंह राठी ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री और मुख्यमंत्री को खत लिखकर केस की सीबीआई जांच कराने की मांग की थी।
प्रीति के परिवार की नाराजगी के बाद केस जीआरपी की क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। लेकिन अब भी इस केस में कोई खास लीड नहीं मिल सकी है। लिहाजा परिवार वालों को सीबीआई जांच की मांग करनी पड़ी। अब जबकि राज्य सरकार सीबीआई की जांच की मांग मान गई है,परिवार को आस जगी है कि प्रीति को इंसाफ मिल सकेगा।

Friday, May 31, 2013

बॉयफ्रेंड बालाजी को गिरफ्तार भी करवा चुकी है लीना

दो दिन पहले दिल्ली के पॉश इलाके से गिरफ्तार दक्षिण भारतीय अभिनेत्री और उसके फरार बॉयफ्रेंड की करतूतों का पिटारा खुलने लगा है। कर्नाटक पुलिस लीना मारिया पॉल से पूछताछ करना चाहती है। कर्नाटक पुलिस के मुताबिक लीना का दोस्त चंद्रशेखर ऊर्फ बालाजी दक्षिण भारत के तीन राज्यों में ठगी की सौ से ज्यादा वारदात को अंजाम दे चुका है।
बालाजी खुद को बड़े-बड़े नेताओं का रिश्तेदार बता कर लोगों को ठगता था। सबसे बड़ी हैरानी की बात तो ये है कि ठगी में उसकी साथी बन चुकी लीना ने ही 2011 में उसे गिरफ्तार भी करवाया था। खूबसूरती का जाल बिछाकर करोड़ों की ठगी करने वाली लीना सलाखों के पीछे है जबकि उसका बॉय फ्रेंड फरार है। जैसे-जैसे मामला आगे बढ़ रहा है नए खुलासे सामने आ रहे हैं।
बॉयफ्रेंड बालाजी को गिरफ्तार भी करवा चुकी है लीना
मलयालम फिल्मों की अभिनेत्री लीना मारिया पॉल और उसके दोस्त चंद्रशेखर ऊर्फ बालाजी के बारे में कई अहम जानकारियां मिल रही हैं। बेंगलुरू पुलिस के मुताबिक बालाजी एक शातिर ठग है। पुलिस के मुताबिक बालाजी का असली नाम सुकेश चंद्रशेखर है और वह 16 साल की उम्र से ठगी का काम कर रहा है। बेंगलुरू पुलिस ने एक हैरान करने वाली जानकारी भी दी है। उनके मुताबिक बालाजी की दोस्त कही जाने वाली जिस लीना को दिल्ली पुलिस ने ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसी लीना ने 2011 में बालाजी को गिरफ्तार भी करवाया था।
बेंगलुरू पुलिस के मुताबिक उस वक्त लीना बीडीएस की पढ़ाई कर रही थी और बालाजी ने उसे एक राजनेता का बेटा होने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया था। रिहा होने के बाद चंद्रशेखर ऊर्फ बालाजी ने एक बार फिर लीना से संपर्क साधा। बाद में लीना भी ठगी के इस धंधे में उतर गई। बेंगलुरू पुलिस के मुताबिक बालाजी के खिलाफ ठगी के सौ से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उसका नेटवर्क तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में फैला है और वह लोगों को 100 करोड़ से ज्यादा का चूना लगा चुका है।
पुलिस के मुताबिक लोगों को ठगने के लिए बालाजी बड़े-बड़े नेताओं के नाम का सहारा लेता था। वो खुद को नेताओं का रिश्तेदार बताता और काम कराने के नाम पर लोगों से लाखों करोड़ों रुपये लेकर फरार हो जाता था। 2007 में बालाजी खुद को कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के बेटे का दोस्त बताते हुए एक बिल्डर से एक करोड़ रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने इस मामले में उसे गिरफ्तार भी किया था। तब पुलिस को उसके घर से बीएमडब्लू और होंडा एकॉर्ड समेत आधा दर्जन कारें और 12 कीमती घड़ियां मिली थीं।
ठगी के मामले में सजा काटने के बाद बालाजी ने कर्नाटक छोड़ दिया। उसका अगला ठिकाना था तमिलनाडु। वहां भी उसने खुद को नेता का रिश्तेदार और बड़े अफसरों का बेटा बताकर कई लोगों को चूना लगाया। 2011 में पुलिस ने लीना मारिया की शिकायत पर जब बालाजी को गिरफ्तार किया था तब वो चेन्नई के एक कारोबारी को ठगने की तैयारी में था। बालाजी वहां खुद को तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि का पोता बताकर कारोबारी को ठगने की फिराक में था।
गिरफ्तारी के बाद कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु की पुलिस ने बालाजी से पूछताछ की तो ठगी के दर्जनों मामले सामने आए। उसे सजा भी हुई लेकिन जमानत मिलने के बाद वो अचानक ही लापता हो गया। दो दिन पहले भी वो दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आने से बच गया। अब कर्नाटक पुलिस लीना से पूछताछ करना चाहती है कि आखिर वो बालाजी के गिरोह में कैसे शामिल हुई?