Tuesday, January 1, 2013

कैसीनो में बम रखने की धमकी, भारतीय बच्चा अरेस्ट

सिंगापुर के एक स्कूल में पढ़ने वाले 13 वर्षीय एक भारतीय किशोर को गिरफ्तार किया गया है। सिंगापुर पुलिस का कहना है कि किशोर ने एक स्थानीय कैसीनो रिसॉर्ट में बम रखने की चेतावनी दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने समाचारपत्र 'स्ट्रेट्स टाइम्स' के हवाले से मंगलवार को खबर दी है कि किशोर ने फेसबुक पर लिखा था कि वह 'एक बड़ा बदला लेने' और 'हर जगह थूकने' तथा 'मरीना बे सैंड्स पर बम रखने' जा रहा है।
खबर में कहा गया है कि किशोर ने अपने पोस्ट में अपशब्द लिखा था और सिंगापुर की आलोचना की थी। पुलिस का कहना है कि वह उस स्कूल के संपर्क में है जिसका जिक्र उस छात्र ने अपने फेसबुक पेज पर किया था। किशोर के नबालिग होने के कारण यहां उसका नाम नहीं दिया जा सकता। समझा जाता है कि उसने यह चेतावनी पिछले हफ्ते दी थी।

देखें: प्लेन से मुकाबला करेगी चीन की ‘हाईस्पीड’ ट्रेन

इनोवेशन और टेक्नोलॉजी में दुनिया के विकसित देशों को कड़ी टक्कर दे रहे चीन ने एक और इतिहास रच दिया है। चीन में दुनिया के सबसे लम्बे हाई-स्पीड रेल मार्ग पर दौड़ेगी सबसे तेज गति से दौड़ने वाली चीन की हाई-स्पीड ट्रेन।
ये ट्रेन बीजिंग से गुआंगझान तक का सफर तय करेगी। 2,298 किलोमीटर लम्बे इस नए रेल मार्ग पर हाई-स्पीड ट्रेन 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती हैं। दुनिया की सबसे लम्बी दूरी तय करने वाली हाई स्पीड ट्रेन 1 घंटे में 300 किलोमीटर की रफ्तार से महज 8 घंटे में 2298 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। इसमें सफर करने के लिए आपको 24 हजार रु खर्च करने होंगे।

रेस्त्रां के मेन्यू में ‘बलात्कार’, महिलाओं ने बोला धावा

जिस शब्द ने हर भारतीय का सिर झुका दिया है, उसी को भुनाने के लिए मुंबई के एक रेस्त्रां ने अपने ड्रिंक का नाम बलात्कार रख दिया। नतीजा ये कि आक्रोशित महिलाओं ने रेस्त्रां में जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई।
दिल्ली की जिस वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया, उसी बलात्कार जैसे घिनौने शब्द को कैश कराने की मुंबई के बोनबो रेस्त्रां की कोशिश उसे भारी पड़ गई। आरोप है कि इस रेस्त्रां ने हदें लांघते हुए एक ड्रिंक का नाम ही बलात्कार ड्रिंक रख दिया। शायद आपको इस पर यकीन करना मुश्किल हो, पर हकीकत यही है। नतीजा ये हुआ कि जैसे ही इसकी खबर महिलाओं को लगी, उन्होंने मोर्चा बनाकर इस रेस्त्रां पर धावा बोल दिया। एनसीपी की महिला कार्यकर्ता मंगलवार देर शाम रेस्त्रां में घुसीं और रेस्त्रां का मेन्यू कार्ड मांगा। जब उन्हें इसका संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की। इस रेस्त्रां के मालिक नेविल टिंबिडिया ने एक अखबार को अपने ड्रिंक के बारे में जो तर्क दिया है वो और भी आपत्तिजनक है। नेविल ने कहा कि ड्रिंक काफी स्ट्रांग है इसीलिए इसका नाम बलात्कार रखा है।

दिल्ली में नए साल के जश्न के दौरान फेसबुक फ्रेंड से गैंगरेप

देश की बहादुर बेटी को इंसाफ और राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जहां लोग सड़कों पर हैं वहीं वारदात में भी कमी नहीं आ रही है। नए साल के जश्न के दौरान 31 दिसंबर की रात दक्षिण दिल्ली की एक 17 साल की लड़की के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें साकेत कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वारदात सफदरजंग इलाके की है। पीड़ित लड़की नाबालिग है और 11वीं में पढ़ती है। आरोपी नामी आईटी कंपनियों में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों में से एक की दोस्ती लड़की से सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के जरिए हुई। न्यू ईयर के दौरान लड़की को मिलने बुलाया गया जिसके बाद उन्होंने उसके साथ बलात्कार किया। लड़की का मेडिकल किया गया जिसमें बलात्कार की पुष्टि हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक लड़की ने आरोप लगाया है कि उसे नशीली चीज पिलाई गई जिसके बाद उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद दोनों उसे दक्षिण दिल्ली में एक फ्लैट में ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया और उसे छोड़कर भाग गए।
इसके बाद लड़की किसी तरह ऑटो पकड़कर सफदरजंग थाने पहुंची और पुलिस को इस घटना के बारे में बताया। गैंगरेप के बाद आलोचना झेल रही पुलिस तुरंत हरकत में आई और 6 टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। आखिरकार दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया और मंगलवार सुबह उन्हें साकेत कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।