Thursday, November 1, 2012

देखें: कीचड़ में रपट गई गोरी, मिट्टी में मस्तीखोरी

जगह अलग-अलग लेकिन नजारे तकरीबन एक जैसे। ऑस्ट्रिया में कीचड़ में बाधा दौड़ का आयोजन हुआ तो कैलिफोर्निया में मिट्टी में दौड़ का। जिसने भी इन आयोजनों में हिस्सा लिया, भरपूर मस्ती की। आप भी नजर डालिए इन आयोजनों के नजारों पर।

104 साल के ब्राजीलियाई वास्तुकार को अस्पताल से छुट्टी

ब्राजील के प्रख्यात वास्तुकार (आर्किटेक्ट) ऑस्कर नीमेयर को सप्ताहांत में अस्पताल से छुट्टी मिल गई। 104 वर्षीय नीमेयर को 14 दिनों तक अस्पताल में भर्ती किया गया था। अब वह घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक नीमेयर को 13 अक्टूबर को रियो डी जनेरियो के सामारितानो अस्पताल में दाखिल किया गया था। उन्हें शरीर में पानी की कमी की शिकायत थी। उन्हें शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिली। नीमेयर के प्रेस कार्यालय ने स्थानीय मीडिया को बताया कि वह घर पर बहुत खुश हैं।
नीमेयर, ब्रासीलिया में डिजाइन की गई कुछ प्रमुख इमारतों के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। इससे पहले बीते मई में उन्हें निमोनिया की शिकायत के चलते दो सप्ताह के लिए अस्पताल में रहना पड़ा था।

आरटीआई कानून में नहीं होगा बदलाव, सरकार ने हाथ खींचे

सरकार ने आज कैबिनेट की बैठक में आरटीआई से जुड़े जो संशोधन पेश किए थे उन्हें वापस ले लिया है। सूचना का अधिकार कानून यानी आरटीआई के जरिए एक के बाद एक घोटालों के खुलासों के बाद सरकार ने आरटीआई में नए संशोधन लाने की योजना बनाई थी लेकिन अब उसने अपने प्रस्ताव से हाथ खींच लिया है। सरकार को सिविल सोसाइटी के विरोध की भी आशंका है।
गौरतलब है इससे पहेल 12 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) यदि व्यक्ति की निजता में दखल दे, तो वहां उसे सीमिति कर दिया जाना चाहिए।

बोले अन्ना हजारे, सत्ता लोभी हो सकते हैं केजरीवाल

समाजसेवी अन्ना हजारे ने गुरुवार को कहा कि हो सकता है कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के सदस्य अरविंद केजरीवाल कभी अमीर नहीं बनना चाहते हों लेकिन ऐसा नहीं है कि वह सत्ता लोभ से बचे रह सकें।
अन्ना ने एक समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि केजरीवाल में त्याग की भावना है। वह जितना देश और समाज के बारे में सोचते हैं उतना अपने परिवार के बारे में नहीं सोचते। उनके अंदर धन की लालसा नहीं है लेकिन राजनीति में आने से नए तरह का लालच उनके सामने खड़ा हो सकता है। मेरा मलतब यह है कि वह खुद से मंत्री नहीं बन सकते।
यह पूछे जाने पर कि क्या केजरीवाल सत्ता लोभी हो सकते हैं, अन्ना ने कहा कि यह सम्भव है लेकिन उनके अंदर कोई किसी तरह का लालच नहीं है। केजरीवाल द्वारा हाल ही में विभिन्न राजनेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के खुलासे किए जाने का हवाला देते हुए अन्ना ने कहा कि केजरीवाल को आरोपों को एक-एक करके सामने लाना चाहिए और हर एक आरोप को निष्कर्ष तक पहुंचाना चाहिए। उनके लिए एक के बाद एक सभी राजनेताओं को कठघरे में खड़ा करना ठीक नहीं।
अन्ना ने कहा कि आप एक ही समय पर हर किसी को नहीं पकड़ सकते। आपको हर किसी को एक-एक करके निशाने पर लेना चाहिए। मैंने छह मंत्रियों को इस्तीफा देने पर मजबूर किया और यह सब रणनीति के तहत हुआ। केजरीवाल को भी ऐसा ही करना चाहिए।
अन्ना ने केजरीवाल द्वारा राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा के बाद उनका साथ छोड़ा था। जब अन्ना ने जनलोकपाल विधेयक को लेकर सरकार के खिलाफ मुहिम शुरू की थी, तब केजरीवाल उनके सबसे सक्रिय सहयोगी थे।